
Kailash Vijayvargiya, CM Mohan Yadav (Photo Source - Patrika)
MP News: मैं घूम फिरकर धार का ही प्रभारी मंत्री बन जाता हूं। 20 साल में से 10 साल धार का ही प्रभारी रहा। ये बात बीते दिन इंदौर पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंच से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कही। ये सुनते ही आयोजन स्थल पर मौजूद लोग हंसने लगे, हालांकि कुछ लोगों ने तो ये भी कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर का प्रभारी मंत्री बनना चाह रहे थे, लेकिन बन नहीं पाए, शायद इसी का दर्द सीएम के सामने बाहर आ गया।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि इस योजना की 2003 में हमने कल्पना की थी। जब हमारी पहली बार सरकार बनी थी, लेकिन उस समय ये योजना नहीं बन पाई और ये अब बन गई और ऐसी बन रही है कि देश की सर्वश्रेष्ठ योजनाओं में से होगी। जब औद्योगिकीकरण होता है तो शहर में नहीं हो सकता, जिसके लिए गांव की तरफ जाना पढ़ता है और किसान नाराज होते हैं। मैंने पीथमपुर में देखा कि किसान बहुत नाराज हुए थे, लेकिन उस समय उनकी इच्छा अनुसार काम किया।
इत्तेफाक से में घूम फिरकर धार का ही प्रभारी बन जाता हूं। 20 साल के मंत्री काल में 10 साल मैं धार का ही प्रभारी रहा। मुझे मालूम है कि धार में कैसे जमीन लेते थे, लेकिन हमने उन्हें संतुष्ट करके जमीन ली। जितना मांगा उतना दिया। किसान हमारे देश का अन्नदाता है, इसलिए उसे इतना मुआवजा देना चाहिए कि यदि वो 5 एकड़ जमीन दे तो 10 एकड़ जमीन खरीद सके।
बहरहाल विजयवर्गीय को बार-बार धार का ही प्रभार दे दिया जाता है ये बात सुनकर आयोजन स्थल पर मौजूद लोग हंसने लगे, कुछ लोगों ने तो ये भी कहा कि विजयवर्गीय इंदौर के प्रभारी मंत्री बनना चाहते थे, लेकिन वर्तमान में इंदौर का प्रभार तो सीएम के पास है। शायद इसी का दर्द सीएम के सामने उजागर हो गया। मालूम हो कि वर्तमान में विजयवर्गीय सतना और धार जिले के प्रभारी मंत्री हैं।
बीते दिनों बंगाल में हुए पुनर्मतदान को लेकर बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय की प्रतिक्रिया सामने आई थी। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इतनी सख्ती होने के बाद भी वहां पर ईवीएम में कमल के बटन पर काला टेप चिपका दिया था। उन्होंने कहा कि लोगों ने इसकी शिकायत भी नहीं की। दिन भर ईवीएम पर टेप चिपका रहा। दोपहर बाद इसकी जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि बहुत सारी अनियमितता टीएमसी करती हुई आई है।
मंत्री ने आगे कहा कि इस बार चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बल ने काफी सख्ती दिखाई थी। हर बार की तुलना में इस बार चुनाव ठीक हुआ है। लोगों ने मतदान किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने भयमुक्त मतदान किया है और जब भयमुक्त मतदान होता है तो लोग उसमें परिवर्तन देखते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है एक बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है।
Published on:
04 May 2026 11:54 am
