
MP ELECTION 2018
इंदौर. इंदौर विधानसभा- 2 भाजपा का गढ़ माना जाता है। साल 1993 से 2008 तक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय यहां से विधायक रहे। इसके बाद से रमेश मेंदोला विधायक हैं। मेंदोला ने दोनों चुनाव में प्रतिद्वंद्वी को 42 हजार और 91 हजार मतों से हराकर रिकॉर्ड बनाया। नंदानगर, परदेशीपुरा, मालवा मिल, सुखलिया सहित तमाम इलाकों में भाजपा का वर्चस्व है। 2013 के चुनाव में मेंदोला को सबसे ज्यादा वोट वार्ड 28 के बूथ नंबर 244 संजय गांधी नगर, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी छोटू शुक्ला को वार्ड 34 के बूथ नंबर 77 निरंजनपुर नई बस्ती में मिले। भाजपा ने निरंजनपुर नई बस्ती में वोटरों की नाराजगी दूर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। क्षेत्र में भोजन-भंडारों की परंपरा1993 से जारी है। निरंजनपुर के सिकलीगर व सिख बहुल आबादी के धर्मस्थलों में विधायक सहित अन्य नेताओं की भागीदारी बढ़ी है। हार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी यहां सक्रिय नहीं दिखे।
लोगों की सबसे बड़ी मांग पट्टे पर बसी बस्ती को रिन्यू करने की है। संजय गांधी नगर में कांग्रेस कार्यकाल में अर्जुनसिंह के मुख्यमंत्री रहते पट्टे बांटे गए थे। विधायक व स्थानीय पार्षद मुन्नालाल यादव चुनाव बाद यह काम कराने का आश्वासन दे चुके हैं। हालांकि, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में युवाओं के लिप्त होने से नशाखोरी बढ़ती जा रही है। अपराध पर भी लगाम नहीं लग पा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस को सख्ती बरतनी चाहिए। समय-समय पर अभियान चलाकर गुंडे-बदमाशों को पकडऩा चाहिए, ताकि बदमाशों में भय व्याप्त हो।
आमने-सामने
पूरे विधानसभा क्षेत्र में मैंने विकास कार्य करवाएं हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में विकास हुए हैं। लोगों की मूलभूत सुविधाओं का भी ख्याल रखा गया है। मिल क्षेत्र कहे जाने वाले क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है।
- रमेश मेंदोला, विधायक
पांच बार उद्घाटन के बाद भी कुलकर्णी भट्ठा पुल नहीं बन सका। बीमा अस्पताल में गंदगी पसरी रहती है। क्षेत्र में सिर्फ भोजन भंडारे के अलावा कुछ विकास कार्य नहीं हुए। लोग सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
- छोटू शुक्ला, कांग्रेस प्रत्याशी (2013)
जनता बोली
इलाके में विकास कार्य लगातार चल रहे हैं। क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या युवा वर्ग में नशाखोरी है। इसे दूर करने के लिए सामाजिक ढांचा मजबूत बनाना होगा। साथ ही पुलिस को सख्ती करनी होगी।
- सुरेंद्र सोनिया, निवासी संजय गांधी नगर
इलाके में काम तो काफी हुए हैं। बिजली, पानी और सड़क की समस्या हल हुई है। पट्टे के मकान होने से रजिस्ट्री नहीं हो सकती, लेकिन रिन्यू कर अधिकार दिलाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं।
- हरजीत कौर, निरंजनपुर नई बस्ती
बोरिंग के साथ बस्ती में नर्मदा की लाइन बिछाई गई है। विधायक व पार्षद सक्रिय रहते हैं। इलाके में नशाखोरी की समस्या है। कई इलाकों में कच्ची शराब खुलेआम बेची जा रही है। पुलिस सख्ती करे।
- मनदीप कौर, निरंजनपुर नई बस्ती
फैक्ट फाइल
इस बूथ पर भाजपा को मिले सर्वाधिक वोट
बूथ क्षेत्र: संजय गांधी नगर पूर्व
बूथ नंबर: 244
कुल मतदाता: 1634
पुरुष: 841
महिला: 793
कुल वोट पड़े: 1064
भाजपा को मिले: 817
कांग्रेस को मिले: 209
अन्य को मिले: 38
इस बूथ पर कांग्रेस को मिले ज्यादा वोट
बूथ क्षेत्र: निरंजनपुर नई बस्ती मकान नंबर 371 से 850
बूथ नंबर: 77
कुल मतदाता: 1279
पुरुष: 670
महिला: 603
कुल वोट पड़े: 892
कांग्रेस को मिले: 506
भाजपा को मिले: 343
अन्य को मिले: 43
Updated on:
17 Sept 2018 02:09 pm
Published on:
17 Sept 2018 02:09 pm
