कलेक्टर मनीष सिंह ने कोविड प्रोटोकॉल को लेकर होटल और मैरिज गार्डन संचालकों के साथ प्रीतमलाल दुआ सभागृह में बैठक की। इस दौरान कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए कहा, इस बात का ध्यान रखना होगा कि, शहर में फिर से स्थितियां खराब नहीं होने देना। अब ये जिम्मेदारी पूरे जिले की होगी। संक्रमण के फैलाव को रोके रखने के लिये खास सतर्कता बरतने की जरूरत है। कलेक्टर ने कहा कि, ये देखने में आ रहा है कि, शादी समारोह में निर्धारित संख्या से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। मास्क का इस्तेमाल ठीक से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया, सभी होटल और मैरिज गार्डन संचालक अपने यहां आयोजित समारोह में निर्धारित संख्या को ही एंट्री दें। इसके अलावा, भीतर मौजूद लोग मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का सही तरीके से पालन करें।