
इंदौर. इंदौर में बदमाश किस कदर बेखौफ हो गए हैं इसकी बानगी मंगलवार को शहर के एमआईजी इलाके में देखने को मिली। यहां एक युवक हाथ में चाकू लिए एक युवती के पास पहुंचा और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। पूरा घटनाक्रम पास ही खड़े किसी शख्स ने अपने मोबाइल में कैद किया है जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आरोपी बदमाश युवती से एकतरफा प्यार करता है और फ्रेंडशिप न करने के कारण उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था।
चाकू की नोंक पर प्यार का इजहार
घटना एमआईजी थाना इलाके का है जहां मंगलवार की दोपहर दिनदहाड़े एक बदमाश एक कैफे से निकल रही लड़की के पास पहुंचा और चाकू की नोंक पर उससे फ्रेंडशिप करने के लिए कहा। युवती ने मना किया तो जान से मारने की धमकी दी और चाकू लेकर उसे मारने भी आगे बढ़ा। हालांकि इस दौरान युवती के साथ उसकी एक सहेली थी जिसने हिम्मत दिखाई और बदमाश का डटकर सामना किया वो बदमाश और युवती के बीच आकर खड़ी हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तमाशबीन बने रहे लोग
कैफे के ठीक बाहर जिस वक्त बदमाश चाकू दिखाकर लड़की को डरा रहा था वहां कुछ लोग भी मौजूद थे लेकिन हैरानी की बात तो ये है कि किसी ने भी युवती को बचाने की कोशिश नहीं की और न ही बीच बचाव करने आया। लोग तमाशबीन बने रहे और मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। बताया गया है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 17 साल की युवती पर आया मौसा का दिल, बोलता- तुम्हारे लिए पत्नी को छोड़ दूंगा
देखें वीडियो-
Published on:
26 Jul 2022, 5:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.