
Corona Effect : इस बार मानसून में पिकनिक स्पॉट्स नहीं जा सकेंगे आप
इंदौर/ मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस (Coronavirus) का औसत स्तर भले ही पहले से काफी कम हो गया है। सूबे के कुछ जिले संक्रमण से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं, लेकिन कुछ जिले और शहर अब भी ऐसे हैं, जहां संक्रमण की रफ्तार में कमी नहीं आ रही है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर भी फिलहाल रेड जोन ( Red Zone ) में बना हुआ है। हालांकि, प्रशासन अब भी संक्रमण के फैलाव को रोकने के हर संभव प्रयास में जुटा हुआ है। इसी के तहत संक्रमण के खतरे को बढ़ने से रोकने के मद्देनजर जिले के पिकनिक स्पॉटों ( Picnic spots ) पर जाने पर जाने का प्रतिबंध लगाया गया है।
किसी भी पिकनिक स्थल जाने पर प्रतिबंध
गौर तलब है कि, मानसूनी बेला आते ही लोगों का रुझान पिकनिक स्पॉटों पर जाने का रहता है, इसी के चलते लंबे लॉकडाउन से ऊब चुके लोग बारिश की रिमझिम होते ही जिले के सैर-सपाटों पर निकल पड़े। देखते ही देखते इन सार्वजनिक इलाकों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। इसी के मद्देनजर ये रोक लगाई गई है, क्योंकि पर्यटकों की भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है। जो संक्रमण के फैलाव का बड़ा कारण बन सकता है।
थाना प्रभारियों को निर्देश जारी
इंदौर जिले के महू एसडीएम अभिलाष मिश्रा के मुताबिक, महू में कोरोना वायरस के मामले काफी ज्यादा हैं। वहीं, मानसूनी सीज़न में संक्रमण कई गुना बढ़ने की भी संभावनाएं जताई गई हैं। ऐसे में ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा किस हालही के दिनों में देखा जा रहा है कि, बारिश शुरू होते ही महू स्थित पिकनिक स्पॉटों पर लोग बड़ी तादाद में घूमने फिरने आ रहे हैं। पर्यटन स्थल घूमने जाने वाले लोग सोशल गैदरिंग कर रहे हैं, जिस कारण लोगों का आपस में कान्टेक्ट बढ़ने से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है, इससे संक्रमण बढ़ने की संभावना बनी हुई हैं इसलिए प्रतिबंध के आदेश का कड़ाई से पालन कराने के लिए संबधित क्षेत्र के थाना प्रभारियों को अधिकृत किया गया। सभी थाना प्रभारी धारा 144 का कड़ाई से पालन कराएंगे और साथ ही, संबधित ग्राम पंचायत भी अपने स्तर पर आदेश का पालन कराना सुनिश्चित करेंगी।
इन स्थानों पर लगा प्रतिबंध
इंदौर जिले कि जिन पिकनिक स्पॉटों पर लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगाया है, उनमें पातालपानी, वाचू पाइंट, गिद्ध खोह, जामगेट, शीतलामाता फॉल, जोगी भड़क, कालाकुंड, चोरल डेम, चोरल नदी, कजलीगढ़ किला, बामनिया कुंड, मेहंदी कुंड शामिल हैं।
Updated on:
26 Jun 2020, 1:28 AM IST
Published on:
26 Jun 2020, 1:28 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.