उधर भारत सरकार ने सोशल नेटवर्किंग दिग्गज फेसबुक से उन खबरों पर स्पष्टीकरण मांगा है, जिसमें कहा गया कि उसने अन्य डिवाइस निर्माताओं को यूजर्स की स्पष्ट सहमति के बिना उनकी निजी जानकारी मुहैया कराई, जिसमें उनके दोस्तों की जानकारी भी शामिल थी। आईटी मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक भारत सरकार ऐसी चूक और उल्लंघन को लेकर गहराई से चिंतित है। बयान में आगे कहा गया क्रैंबिज एनालिटिका मामले में निजी डेटा के उल्लंघन के बारे में पूर्व नोटिसों के जवाब में फेसबुक ने माफी मांगी थी और भारत सरकार को आश्वासन दिया था कि वे प्लेटफार्म पर यूजर्स के डेटा की गोपनीयता की रक्षा के लिए ईमानदार प्रयास करेंगे। बयान में कहा गया है कि इसलिए, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने फेसबुक से विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट के साथ आश्वासन मांगा है। फेसबुक को 20 जून तक जवाब देने को कहा गया है।