
इंदौर-भोपाल के बाद अब मध्य प्रदेश के इस शहर में भी दौड़ेगी मेट्रो, सीएम शिवराज ने कर दिया ऐलान
चुनावी साल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर को लेकर बड़ी घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री के ऐलान के मुताबिक, प्रदेश की राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर के बाद जल्द ही संस्कारधानी जबलपुर में भी मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। इसके अलावा, सीएम शिवराज ने ये भी कहा कि, शहर में बन रहे नए फ्लाई ओवर ब्रिज का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाएगा।
कांग्रेस पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जबलपुर के साथ कांग्रेस ने जितना अन्याय और भेदभाव किया था, हम उसे ब्याज समेत पूरा करके दे रहे हैं। हमने जबलपुर को बड़ा कस्बा नहीं रहने दिया, बल्कि इसे एक सुंदर महानगर बनाया है।
शहर में बनने जा रहा राज्य का सबसे लंबा ओवर ब्रिज
आपको बता दें कि, चुनावी साल के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार शहर में रोड शो किया और जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के एक हिस्से का लोकार्पण भी किया। ये फ्लाई ओवर ब्रिज महानद्दा से एलआईसी तिराहे को जोड़ेगा। डेढ़ किलोमीटर लंबा ब्रिज 1100 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि, निर्माण के बाद ये प्रदेश का सबसे लंबा ओवर ब्रिज होगा। साल 2018 में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसका भूमिपूजन किया था।
सीएम ने ये घोषणाएं भी कीं
वहीं सीएम ने विधानसभा प्रत्याशी राकेश सिंह को जबलपुर का विकास पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि, देश का पहला जियोलॉजिकल पार्क 100 करोड़ से जबलपुर में बनेगा। मदन महल रेलवे स्टेशन का टर्मिनल 125 करोड़ से बनेगा। सीएम शिवराज ने कहा कि, मदन महल के पहाड़ पर 500 करोड़ रुपए से ऐसा स्मारक बनाया जाएगा, जिसे पूरा हिंदुस्तान देखने आएगा। सीएम ने कांग्रेस और बिना नाम लेते हुए दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि, 2003 तक बंटाधार ने तो कुछ भी नहीं किया, पर मेरे पास विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
28 Sep 2023, 7:48 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़




