जबलपुर। जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं, ठंड अपना असर दिखाने लगी है। आलम ये है कि शाम होते ही शहर की सड़कें खाली होने लगती हैं। रात ९ बजे तक शहर लगभग खाली सा नजर आने लगा है। हालांकि पिछले दो दिनों से रात की ठंड बढ़ी है, वहीं दिन के तापमान में अब भी कुछ ज्यादा फर्क दिखाई नहीं दिया है। इस वर्ष का सबसे कम तापमान शुक्रवार व शनिवार की दरमियानी रात दर्ज किया गया। बीते पांच दिनों के अंतराल में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है जबकि दिन में भी अधिकतम तापमान में गिरावट आ रही है। अगले दो दिनों में संभाग में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने दिया है। उधर, कोहरे के कारण अधिकांश ट्रेने विलम्ब से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों को हो रही है।