
पल भर में चली गई दो युवकों की जान
जबलपुर। बरेला थानांतर्गत कोसमघाट के पास सोमवार रात भारी वाहन ने तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में घायल युवकों को विक्टोरिया ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे को मेडिकल रेफर कर दिया। तीनों युवक मंडला के रहने वाले थे, लेकिन पिछले एक साल से शहर के रद्दी चौकी क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के साथ कोचिंग कर रहे थे। बरेला पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
मोबाइल से हुई शिनाख्त
थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि रात दस बजे के लगभग कोसमघाट के पास एक्सीडेंट की सूचना ग्रामीणों से मिली। मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां तीन युवक बेहोशी की हालत में पड़े थे। पास में ही उनकी बाइक भी पड़ी थी। तीनों युवकों के पास मिले मोबाइल से उनकी शिनाख्त हुई। वे मंडला के बरझर गांव निवासी प्रेमलाल (22), अशोक कुमार (24) व शिव सिंह (25) थे। हादसे में प्रेमलाल व अशोक की जहां मौत हो गई। वहीं शिव सिंह मेडिकल में भर्ती है। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
कर रहे थे परीक्षा की तैयारी
ग्रामीणों के अनुसार तीनों युवक पढऩे में काफी अच्छे थे। वे यहां जबलपुर के रद्दी चौकी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। कुछ दिन पहले ही वे अपने गांव बरझर गए हुए थे। कोचिंग और परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित न हो, इसके चलते तीनों शाम करीब 7 बजे घर से एक ही बाइक से जबलपुर के लिए निकले।
टॉयेलेट के लिए रुके और..
बताया गया है कि बरेला के समीप कोसम घाट पहुंचकर तीनों टॉयलेट करने के लिए रुके तभी एक भारी वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए तीनों युवकों को कुचल दिया हादसे में घायल दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो सडक़ पर ही तड़प रहा था वहां से निकल रहे राहगीरों की नजर घायल युवकों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायल युवकों को विक्टोरिया ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद प्रेमलाल और अशोक को मृत घोषित कर दिया वही शिव सिंह को मेडिकल रिफर कर दिया। बरेला पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इधर पटरी पर फंसा पैर
इसी तरह थाना पनागर थाना क्षेत्र के भरदा पडरिया निवासी सुरेन्द्र बडगैया ने पुलिस को सूचना दी कि उनके चाचा 70 वर्षीय देवेन्द्रधर बडगैया रोजाना की तरह शाम को टहलने के लिये घर से निकल थे। शाम करीब सवा 7 बजे भरदा पडरिया रेल्वे फाटक के पास रेल्वे लाईन पार करते समय पटरी में उनका पैर फंस गया। उसी समय वहां से कटनी-इटारसी ट्रेन आ गयी, जिससे टकराकर देवेन्द्रधर की मृत्यु हो गयी। पुलिस ने मर्ग कायम करके प्रकरण को जांच में लिया है।
Published on:
9 Oct 2018, 9:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.