
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन
विधानसभा चुनावों को लेकर प्रत्येक जिले की तैयारियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बारीकी से देखा। हर जिले के प्रेजेटेंशन देखे, रिपोर्ट के आंकड़ों पर गौर किया। जहां कमी दिखी, वहां टोका और जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी को उसे दुरुस्त करने के लिए कहा। बैठक में उन्होंने जबलपुर के कम्युनिकेशन प्लान एप को बेहतर प्रयास बताया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने बैठक में आदर्श आचरण संहिता सहित निर्वाचन नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्यवाही करने पर जोर दिया। उन्होंने संभाग के प्रत्येक जिले में निर्वाचन नियमों के उल्लंघन के अब तक दर्ज हुए प्रकरणों, आपराधिक तत्वों के विरुद्ध की गई प्रतिबन्धात्मक कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन की प्रक्रिया के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, बहुमूल्य धातुओं और निषिद्ध वस्तुओं के परिवहन को रोकने चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन तलाशी लेने पर बल दिया।
जनता को बताएं सी विजिल एप के लाभ
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सी विजिल एप के संबंध में कहा कि इसकी जानकारी हर नागरिक तक पहुंचे ताकि उन्हें इसके महत्व के बारे में पता चल सके। अधिकारियों से कहा कि यदि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आता है तो नागरिक तत्काल और मौके से ही उसकी शिकायत इस मोबाइल एप के माध्यम से कर सकें ।
कितने मतदाताओं के आए आवेदन
राजन ने बैठक में मतदान दिवस की तैयारियों की जिलेवार समीक्षा भी की। उन्होंने 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान की सुविधा देने की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि किन जिलों में अब तक इस आयु वर्ग के मतदाताओं ने आवेदन किए है। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं की जानकारी भी ली।
मतदाताओं को मतदान में नही हो परेशानी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक में मतदान का प्रतिशत बढाने जिलों में चलाई जा रही स्वीप गतिविधियों का ब्यौरा लिया। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों मतदाताओं को जागरूक करने विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया जहां पूर्व में हुए निर्वाचनों में औसत से अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ था। राजन ने मतदान के के लिये मतदाताओं की पहचान के लिए निर्धारित वैकल्पिक पहचान पत्रों का प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई ।
Published on:
21 Oct 2023, 12:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.