2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ये तो विदेश मंत्री और सीएम का जिला है फिर क्यों पिछड़ा है, पीएम मोदी के सवाल पर बगलें झांकने लगे कलेक्टर

मंडला से लौटते वक्त जबलपुर एयरपोर्ट पर ही प्रदेश के 8 पिछड़े जिलों के कलेक्टरों की ली खबर
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जबलपुर

•

image

Deepankar Roy

•

Updated: 25 Apr 2018, 9:41 AM IST

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के पिछड़े आठ जिलों के कलेक्टरों से मंगलवार को जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट पर संवाद किया। कलेक्टरों से करीब सवा घंटे के संवाद में मोदी ने बड़े नेताओं के जिलों के पिछड़े होने पर खूब तंज कसा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से लेकर सीएम शिवराज सिंह के जिलों का हवाला देते हुए सवाल किए। उन्होंने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का नाम लिए बगैर राजगढ़ कलेक्टर से पूछा कि यहां से तो १० साल तक सीएम रहे, फिर कैसे जिला पिछड़ गया। पीएम के सवालों पर कलेक्टर बगले झांकने लगे।

तीन महीने का प्लान बनाएं
मोदी ने सीएम से कहा- प्रदेश में आप ५० पिछड़े ब्लॉक चिन्हित करके विकास करें। फिर कलेक्टरों से कहा, तीन महीने का प्लान तैयार करें, अपने जिलों को पहले प्रदेश में औसत, फिर बेस्ट और उसके बाद देश में औसत फिर बेस्ट में लाओ। २०१९ से २०२१ का प्लान बनाओ।

पीएम ने किए ये सवाल, कलेक्टर हुए पसीना-पसीना

राजगढ़ : मोदी ने कहा, 10 साल तक राजगढ़ से सीएम रहे हैं, फिर भी क्यों पिछड़ गया। मोदी बोले, आपका जिला सूखाग्रस्त है। अब तक क्या किया? कलेक्टर कर्मवीर सिंह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

खंडवा : कलेक्टर अभिषेक सिंह जिले का सर्वे बताने लगे। मोदी ने रोका, बोले- सर्वे नहीं पूछा। बताओ काम क्या किया? कलेक्टर हड़बड़ाए कहा- कुपोषण दूर किया है। मोदी बोले- गुजरात की तर्ज पर काम करें।

बड़वानी : मोदी बोले, आपके जिले की तुलना सूरत से होती है। कलेक्टर तेजस्वी नायक ने हां कहा-तो बोले- फिर पिछड़़े क्यों? इतनी कम उम्र में भोपाल कमिश्नर बना दिया? तब सीएम बोले- नगर निगम कमिश्नर रहे हैं।

गुना : कलेक्टर बी विजय दत्ता बोले- सर, मैंने अभी ज्वाइन किया है। मोदी बोले, मैं जानता हूं। आपका जिला स्कील डेवलपमेंट में पिछड़ा है। इसे सुधारो।

विदिशा : मोदी बोले- ये सुषमाजी का जिला है। सीएम का भी है। फिर क्यों पिछड़े ? कलेक्टर अनिल सुचारी ने सफाई दी तो मोदी बोले- ये बड़े-बड़े लोगों का जिला है। काम करो।

सिंगरौली : मोदी ने कलेक्टर अनुराग चौधरी से कहा- आपका जिला पावर हब है। फिर पिछड़े क्यों? दो साल से आप यहां हो, फिर भी काम नहीं किया। उद्योगों से सीएसआर का पैसा लेकर विकास करो।

छतरपुर : मोदी बोले- किस क्षेत्र में पिछड़े, कलेक्टर रमेश भंडारी बोले- कृषि में। मोदी बोले- सिंचाई किससे जवाब- कुआें से। मोदी बोले- आप सीएस के यहां रहे। प्रदेश आपसे डरता होगा। सीएस का डिप्टी सेकेट्री पावरफुल होता है।

दमोह : मोदी ने कहा- आपके यहां से तो वित्तमंत्री हैं। यहां तो पैसे की कमी नहीं होनी चाहिए। फिर यह स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्यों पिछड़ा? कलेक्टर श्रीनिवास शर्मा ने कहा कि हम स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।