
बजट की तैयारी शुरू! 10 से 15% तक बढ़ सकता है आकार, महिलाओं और युवाओं पर रहेगा खास फोकस...(photo-patrika)
Nigam Budget 2025: नई शहर सरकार में शहर का पहला बजट आज सामने आएगा। महापौर संजय पांडेय सुबह 11 बजे सदन में अपना पहला बजट भाषण देंगे। इस दौरान वे 250 करोड़ से ज्यादा का बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट में सबसे बड़ी घोषणा इंद्रावती में बैराज निर्माण की है। 80 करोड़ रुपए की लागत से निगम इंद्रावती में बैराज बनाएगा।
खड़कघाट में निगम का इंटकवेल जहां स्थापित है उसके करीब ही बैराज निर्माण का प्रोजेक्ट तैयार कर लिया गया है। इसे स्वीकृति के लिए जल संसाधन विभाग को भेज दिया गया है। बजट में इस प्रमुख प्रावधान को शामिल किया जा रहा है। शहर की पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए यह घोषणा की जा रही है। इसके अलावा बजट में संजय मार्केट से मटन मार्केट को बाहर करने की घोषणा भी की जाएगी। नए मटन मार्केट के निर्माण के लिए भी घोषणा की जाएगी।
250 करोड़ के बजट में दलपत सागर और गंगामुंडा के सौंदर्यीकरण व अन्य कामों के लिए 15 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इन दोनों तालाबों के लिए शासन से निगम को स्वीकृति भी मिल चुकी है। शहर के छत्रपति शिवाजी वार्ड में स्पोर्ट्स पार्क डेवलप किया जाएगा। ढाई एकड़ में पार्क का निर्माण होगा। यहां ओपन जिम समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
बजट में इस काम के अलावा शहर के अन्य पार्कों की स्थिति सुधारने की भी घोषणा की जाएगी। स्वच्छता को लेकर भी महापौर अहम घोषणा कर सकते हैं। सड़कों के विकास, ड्रेनेज सिस्टम व चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की घोषणा भी बजट में होगी।
संजय पांडेय, महापौर, नगर निगम: मैं आज शहर की प्रमुख मांगों और जरूरतों का बजट प्रस्तुत करने जा रहा हूं। हमने बजट को लेकर शहर की जनता से भी सुझाव मांगे थे। उन्हें भी बजट में शामिल किया गया है। शहर के सर्वांगीण विकास के लिए हम बजट पेश कर रहे हैं।
Nigam Budget 2025: शहर सरकार के पहले बजट सत्र से पहले कांग्रेस पार्षद दल ने गुरुवार को कांग्रेस भवन में इसकी रणनीति तैयार की। इस बीच भाजपा-कांग्रेस दोनों आमने सामने नजर आए। कांग्रेस की तरफ से नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने महापौर पर शहर की जनता से झूठ बोलने का आरोप लगाया। चौधरी ने कहा कि महापौर के पास पेयजल की समस्या से निपटने की कोई कार्य योजना नहीं है। उन्होंने शहर की जनता से इस मुद्दे पर झूठ बोला है। इसका खुलासा सामान्य सभा में कांग्रेसी पार्षद करेंगे।
वहीं भाजपा की तरफ से मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा ने कहा है कि फर्जी हस्ताक्षर मामले के दोषी को कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष बनाकर अपनी भ्रष्ट नीति स्पष्ट की है। इसके अलावा उन्होंने कोमल सेना को उप नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। झा ने कहा कि निगम के तीसरे कार्यकाल में निगम की जांच समिति ने सरकारी दस्तावेजों में फर्जी हस्ताक्षर करने के दोषी राजेश चौधरी को कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष बनाया है।
Updated on:
02 May 2025 11:05 am
Published on:
02 May 2025 11:04 am
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
