7 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान के धीरज गुर्जर ‘OUT’- जगदीश चंद्र ‘IN’, कांग्रेस हाईकमान का बड़ा फेरबदल, जानें क्या हुआ बदलाव?

AICC Big Reshuffle: कांग्रेस हाईकमान ने एआईसीसी में किया बड़ा फेरबदल। राजस्थान के धीरज गुर्जर की जगह पूर्व विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ को बनाया उत्तर प्रदेश का नया एआईसीसी सचिव।
2 min read
Google source verification
 aicc secretary up change dhiraj gurjar out jagdish chandra jangid in

Dheeraj Gurjar and Jagdish Chandra Jangid - File Pics

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिवों की नई सूची जारी की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति से जारी इस सूची में 6 निवर्तमान सचिवों की जगह 6 नए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान की राजनीति के लिहाज से इस बदलाव का बड़ा असर देखने को मिला है। कांग्रेस हाईकमान ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर को उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी/सचिव पद से मुक्त कर दिया है। उनकी जगह राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और श्रीगंगानगर की सादुलशहर सीट से पूर्व विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ को उत्तर प्रदेश का नया AICC सचिव नियुक्त किया गया है।

धीरज गुर्जर की जगह जगदीश जांगिड़ को तवज्जो?

धीरज गुर्जर का नाम निवर्तमान सचिवों की सूची में सबसे ऊपर है, जिन्होंने लंबे समय तक उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी और एआईसीसी सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। भीलवाड़ा की जहाजपुर सीट से पूर्व विधायक रहे धीरज गुर्जर को गांधी परिवार, विशेषकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का बेहद नजदीकी माना जाता रहा है।

दूसरी ओर, नए एआईसीसी सचिव बने जगदीश चंद्र जांगिड़ राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख ओबीसी चेहरों में गिने जाते हैं। वे सादुलशहर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष का अहम पद संभाल रहे हैं। जांगिड़ की संगठनात्मक क्षमता और निष्ठा को देखते हुए हाईकमान ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण राज्य में एआईसीसी प्रभारी के साथ अटैच कर बड़ी जिम्मेदारी दी है।

नियुक्ति के बाद जगदीश चंद्र जांगिड़ का पहला बयान

नई जिम्मेदारी मिलने और एआईसीसी सचिव नियुक्त होने के बाद जगदीश चंद्र जांगिड़ ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए जांगिड़ ने लिखा, "AICC सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, सोनिया गांधी जी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल जी सहित सम्पूर्ण कांग्रेस नेतृत्व का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। मैं कांग्रेस परिवार के सभी वरिष्ठ नेताओं, साथियों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ताओं का भी हृदय से धन्यवाद करता हूँ। जय हिंद। जय कांग्रेस।"

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का नया संगठनात्मक ढांचा

कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में यह फेरबदल किया है। उत्तर प्रदेश प्रभारी से अटैच किए गए सभी 6 नए एआईसीसी सचिवों को राज्य के अलग-अलग जोन्स और प्रभारियों के साथ तालमेल बिठाकर काम करने का निर्देश दिया गया है।

राजस्थान से जगदीश चंद्र जांगिड़ की इस एंट्री को प्रदेश कांग्रेस में उनके बढ़ते कद के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि राजस्थान के नेताओं की उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में लगातार भूमिका बनाए रखना कांग्रेस की राष्ट्रीय रणनीति का एक अहम हिस्सा है।