
अमित पारीक / जयपुर . झोटवाड़ा इलाके के बोरिंग चौराहा पर सोमवार देर रात आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में घुसकर एक युवक ने तोडफ़ोड़ कर डाली। सायरन बजने पर वह भाग छूटा। सूचना पर पहुंची झोटवाड़ा थाना पुलिस ने एटीएम चैक किया तो रकम सुरक्षित मिली।
पुलिस के अनुसार रात एक बजे एक युवक बैंक के एटीएम में घुस गया। उसने सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ डाला उसके बाद एटीएम मशीन के पैनल के लॉक को तोड़ दिया। लेकिन एटीएम मशीन से छेड़छाड़ होते ही वहां लगा सायरन बज उठा। एकाएक सायरन बजते ही वह युवक वहां से भाग छूटा। उधर कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में बैंक के अधिकारी भी वहां आ गए। उनकी मौजूदगी में जब रकम की पड़ताल की गई तो वह सुरक्षित मिली।
फुटेज में दिखा युवक
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में युवक नजर आ रहा है। करीब पच्चीस साल के इस युवक ने मुंह पर रूमाल बांध रखा है। उसने काली शर्ट व जैकेट पहना हुआ है। साथ ही चप्पल पहन रखी है। वह एक मिनट से भी कम समय तक एटीएम में रहा फिर भाग छूटा।
मुंबई से आई सूचना
जिस समय युवक यहां पर एटीएम से छेड़छाड़ कर रहा था उसी वक्त उसकी सूचना मुंबई में बैंक के अफसरों को सिस्टम से मिल गई थी। उन्होंने ही तत्काल जयपुर स्थित कंट्रोल रूम में घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही झोटवाड़ा थाना पुलिस को रवाना कर दिया गया।
कराई नाकाबंदी
झोटवाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वारदात की जानकारी ली। आस—पास पूछताछ भी की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पायी। इस पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कराई, लेकिन आरोपित का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने एटीएम चैक किया तो रकम सुरक्षित मिली।
Published on:
20 Feb 2018 10:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
