
CM Bhajanlal Gift : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा का तोहफा। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने पीएम विश्वकर्मा योजना के अन्तर्गत बैंकों से ऋण लाभान्वितों के लिए उनके द्वारा चुकाए गए ब्याज पर 2 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान देने संबंधी आदेश जारी कर दिए। अब लाभार्थियों को महज 3 प्रतिशत की ब्याज दर पर ऋण मिल सकेगा।
राजस्थान के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि सीएम भजन लाल शर्मा की बजट घोषणा के तहत पीएम विश्वकर्मा योजना में ऋण प्राप्त लाभार्थियों के लिए यह घोषणा की थी, जिसकी अनुपालना की गई है। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि योजना के अनुसार एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पी.एम. विश्वकर्मा योजना 17 सितंबर, 2023 से लागू की गई। योजना में भारत सरकार द्वारा कारपेन्टर, बोट मेकर, शस्त्रसाज, लुहार, हैमर एंड टूलकिट मेकर, लॉक स्मिथ, मूर्तिकार, सुनार, कुम्हार, चर्मकार एवं फुटवियर आर्टिजन्स, राजमिस्त्री, टोकरी/ चटाई / झाडू निर्माता, गुड़िया / खिलौना निर्माता (पारंपरिक), नाई, मालाकार, धोबी, दर्जी, फिशिंग नेट मेकर संबंधी 18 ट्रेड के दस्तकारों को लाभ दिया जा रहा है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने आगे बताया कि इस महत्वपूर्ण योजना के अन्तर्गत एमएसएमई मंत्रालय, स्किल डवलपमेंट मंत्रालय एवं बैंको के माध्यम से क्रमशः दस्तकारों को पीएम विश्वकर्मा सर्टिफिकेट एवं आईकार्ड प्रदान किया जाता है। स्किल बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण और ट्रेनिंग मुफ्त में प्रदान की जाती है। इस दौरान उन्हें प्रतिदिन ₹500 स्टाइपेंड दिए जाते हैं। साथ ही, टूल किट खरीदने के लिए ₹15,000 की राशि बैंक ट्रांसफर के माध्यम से मिलेगी। साथ ही बैंक से 5 प्रतिशत सस्ती ब्याज दर पर कॉलेट्रल फ्री ऋण (प्रथम अंश के रूप में 1 लाख रुपए 18 माह तत्पश्चात् द्वितीय अंश (Tranche) के रूप में 2 लाख रुपए तक का ऋण 30 माह के लिए) प्रदान कराए जाने का प्रावधान किया गया है।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि सीएम शर्मा की इस पहल से हजारों दस्तकारों और कलाकारों को लाभ मिलेगा। वे आर्थिक रूप से मजबूत हो सकेंगे।
Updated on:
16 Nov 2024, 5:43 PM IST
Published on:
16 Nov 2024, 5:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.