
जयपुर।
राज्य में पांच माह बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस में टिकट बंटवारे के लिए बनाई गई तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी 23 जुलाई को जयपुर दौरे पर आ रही है। कमेटी की चेयरमैन राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा है, जबकि ललितेश त्रिपाठी और शाकिर सनादी सदस्य हैं। घोषणा के बाद ये कमेटी का पहला जयपुर दौरा है। स्क्रीनिंग कमेटी के दौरे को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी है।
हालांकि स्क्रीनिंग कमेटी का नेताओं और टिकटार्थियों के साथ संवाद कहां होगा, इसका स्थान अभी तय नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी राज्य के सभी कांग्रेसी नेताओं और पूर्व सांसदों, विधायकों और पार्टी के प्रभारी और सह प्रभारियों से अलग-अलग मुलाकात करेगी और प्रत्येक सीट पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर नेताओं के साथ मंथन करेगी।
कई फॉर्मूलों पर होगा मंथन
पार्टी के जानकार सूत्रों की माने तो स्क्रीनिंग कमेटी पार्टी नेताओं के साथ टिकट वितरण में दायरा तय करने के लिए कई फॉर्मूलों पर भी मंथन करेगी। इसमें लगातार दो बार चुनाव हारे नेताओं, 70 साल की उम्र पार कर चुके और पिछले विधानसभा चुनाव में 50 हजार मतों से हारे नेताओं को टिकट दिया जाए या नहीं इस पर मंथन होगा।
बनेंगे तीन-तीन नामों के पैनल
बताया जाता है कि स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर स्क्रीनिंग कमेटी प्रत्येक विधानसभा सीट पर संभावित प्रत्याशियों के तीन-तीन नामों का पैनल तैयार करेगी, और उसके बाद संभावित प्रत्याशियों के पैनल को एआईसीसी को सौंपेगी, जहां तीन नामों पर मंथन के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
प्रवक्ताओं के साक्षात्कार में खानापूर्ति, पायलट समर्थकों का बनना तय
वआगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पब्लिक प्लेट फॉर्म और टीवी चैनलों में होने वाली डिबेट मे पार्टी का पक्ष रखने और भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए प्रवक्ताओं और वक्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने के लिए शुरू किए गए टैलेंट हंट कार्यक्रम के जरिए लिए प्रवक्ताओं के लिए हो रहे साक्षात्कार का आज दूसरा दिन है। आज प्रातः साढ़े ग्यारह बजे से पीसीसी में राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी एआईसीसी की आईटी सेल के रोहन गुप्ता उम्मीदवारों के साक्षात्कार ले रहे हैं।
एक वर्तमान प्रवक्ता और कई पीसीसी पदाधिकारियों ने भी साक्षात्कार दिया। आज करीब दो दर्जन शेष बचे उम्मीदवारों का साक्षात्कार होगा। इससे पहले मंगलवार को करीब 40 उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए थे, जिनसे कांग्रेस के रीति नीति और समसामयिक विषयों पर सवाल किए गए थे।
Published on:
18 Jul 2018 01:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
