चारदीवारी में कोरोना वायरस के दस्तक देने के साथ ही समाज के जागरूक नागरिकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए ज्यादातर गलियों में लकड़ियों के बैरिकेटस लगाकर रास्तों को ब्लॉक कर दिया है ताकि लोगों की आवाजाही को रोका जा सके। ऐसे में चारदरवाजा, घोड़ा निकास रोड, जगन्नाथ का रास्ता, हादीपुरा, पतंग मौहल्ला और उसके आस-पास के क्षेत्रों में लोगों ने सकरी गलियों की एंट्री पर बैरिकेटस लगा दिए है। जिसके चलते चोरी-छुपे बाइक चलाने वालों पर लगाम कसी जा सकेगी। घोड़ा निकास रोड पर बहराम खां डागर मार्ग की गली पर भी लोगों ने जागरूकता दिखाते हुए पुराने कबाड़ को बैरिकेटस के तौर पर इस्तेमाल कर एंट्री को ब्लॉक कर दिया है। जागरूक नागरिक अब्दुल शाहिद और महावीर ने बताया कि रामगंज में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद खतरा ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में ऐसे कदम उठाए जाने जरूरी है। उधर, सैयद माहिररूल हसन ने कहा कि आस-पास के इलाकों और मोहल्लो में लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी जा रही है और उनके खाने-पीने का भी इंतेजाम किया जा रहा है।