
संसद में छाए रहे राजस्थान के सांसद, चुन-चुन कर उठाए मुद्दे, दीया ने की राजस्थान में जीएसटी कम करने की मांग
विवेक श्रीवास्तव / नई दिल्ली। राजस्थान ( Rajasthan ) के सांसदों ने गुरुवार को लोकसभा ( Loksabha ) व राज्यसभा ( Rajya Sabha ) में कई मामले उठाए। राजसमंद सांसद दीया कुमारी ( Diya Kumari ) ने मार्बल पर जीएसटी ( GST ) कम करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखते हुए कहा कि मार्बल व्यवसाय के अभी तक के सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है। जिसका प्रत्यक्ष असर रोजगार पर भी पड़ रहा है। उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत बोलते हुए कहा कि मार्बल का सबसे बड़ा उत्पादक राजस्थान है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। 18% जीएसटी से पूरा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है वहीँ अन्य समकक्ष व्यवसायों पर बहुत कम टैक्स दर है। जीएसटी की उच्च दर के कारण मार्बल की खपत कम हो रही है।
आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल ( Hanuman Beniwal ) ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान अपने क्षेत्र के एक व्यक्ति की हेयर ट्रांस्प्लान के दौरान हुई मौत के मामले में अस्पताल के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश मे हैयर ट्रांसप्लांट के नाम पर चल रहे गोरखधंधे चलाया जा रहा है जिसे रोका जाना आवश्यक है। नागौर के निवासी की हैयर ट्रांसप्लांट के दौरान मुंबई में हुई मौत मामले की सीबीआइ से जांच करानी चाहिए क्योंकि स्थानीय पुलिस दबाव में मुकदमा तक नहीं दर्ज कर रही है।
जालौर सिरोही सांसद देवजी पटेल ने केंद्र सरकार से अपने लोकसभा क्षेत्र में एक अतिरिक्त जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल और आबादी की दृष्टी से जालौर - सिरोही लोकसभा बहुत बड़ा क्षेत्र है, यहां एक अतिरिक्त नवोदय सायला क्षेत्र जो बाड़मेर जिले के समीप है वहां खोला जाए ताकि ग्रामीणों के बच्चों की उच्च शिक्षा का स्वप्न साकार हो सके।
राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा ( Kirodilal Meena ) ने केंद्र सरकार ( Central Government ) से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की मांग केंद्र सरकार से की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार योजना बनाकर प्रदेश में खाली पड़ी करीब 1.25 लाख हैक्टेयर सरकारी जमीन पर अगर सौर ऊर्जा के लिए उपयोग किया जाए तो इससे 3 लाख मेगावाट तक का बिजली उत्पादन किया जा सकता है। अकेला जैसलमेर जिला पुरे भारत की बिजली आपूर्ति कर सकता है। प्रदेश में 325 से भी ज्यादा दिन सूरज की तपिश रहती है जिसका उपयोग सौर ऊर्जा के जरिए किया जा सकता है।
जयपुर सांसद रामचरण बोहरा ( Ramcharan Bohra ) ने केंद्र सरकार से चारधाम कार्यक्रम के कब तक पूरा होने प्रश्न पूछा गया था जिसके जवाब में केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ( Nitin Gadkari ) ने बताया कि चारधाम कार्यक्रम प्रारम्भ में मार्च 2020 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन न्यायालय में कुछ याचिकाओं के चलते इसमें देरी होगी।
Published on:
28 Nov 2019 08:59 pm
