जयपुर। पहले नोटबंदी और बाद में जीएसटी ने कारोबारियों की ऐसी कमर तोड़ी कि लोगों का कामकाज अब तक पटरी पर नहीं लौटा है। इससे व्यापारी, आमजन व दिहाड़ी मजदूर तक प्रभावित हुए हैं। इसका असर हर क्षेत्र में पड़ा है। इन दोनों कानूनों के लागू होने के बाद पहली दीपावली व दशहरे के त्योहार पर भी इसका असर साफ देखा जा रहा है। ऐसे रावण के पुतलों पर महंगाई की मार छाई हुई है। गत वर्ष की तुलना में पुतले बनाने के आधे ऑर्डर भी नहीं मिले हैं। ऐसे में पुतला बनाने वाले छाबड़ीवाले परिवारों के कारीगर आर्थिक तंगी झेलने को मजबूर हैं। कालवाड़ रोड, करधनी, गोविन्दपुरा में पिछले दस साल से रावण के पुतले बनाने वाले कारीगरों के चेहरे से इसलिए रौनक गायब है कि वे जहां एक माह पूर्व से ही पुतले बनाने का कार्य शुरू कर देते थे, लेकिन इस बार नाम मात्र के ऑर्डर से ठाले बैठे हैं। पुतले वाले एक कारीगर का कहना है कि करीब बीस साल से रावण के पुतले बनाने का कार्य कर रहा है। गत वर्ष पचास पुतले बनाने का ऑर्डर मिला था, वहीं इस बार यह संख्या आधा दर्जन भी नहीं पहुंची है। फिर भी छाबड़ी वाले अपने स्तर पर बिना ऑर्डर करीब सौ पुतले तैयार कर चुके हैं। उनकी चिंता यह है कि वे आर्थिक रूप से पहले ही कमजोर हैं और जेब से पैसा लगाकर रावण के बड़े-छोटे पुतले तैयार किए हैं, यदि इनकी बिक्री नहीं हुई तो उनको भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।