
जयपुर/डीडवाना।
राजस्थान में उपचुनाव की तारीख नज़दीक आने के साथ ही आनन्दपाल सिंह एनकांउटर मामले का जिन्न एक बार फिर बाहर निकलता दिख रहा है। प्रदेश के इस सबसे चर्चित एनकाउंटर मामले को लेकर रावणा राजपूत समाज ने बीजेपी सरकार को अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने चेताया है कि अगर सरकार ने उनके समाज के साथ न्याय नहीं किया तो उसे उपचुनाव में अंजाम भुगतना होगा। इसके अलावा समाज अब उसी पार्टी का साथ देगा, जो एनकाउंटर मामले में न्याय की बात करेगी और समाज हित की बात करेगी।
रविवार को सांवराद गांव में आनन्दपाल सिंह की मां से मिलने पहुंचे रावणा राजपूत समाज के प्रदेश पदाधिकारियों ने यह बात कही। प्रदेशाध्यक्ष रणजीतसिंह सोडाला के नेतृत्व में मिले समाज के लोगों ने परिजनों से मुलाकात की और एनकाउंटर पर विस्तृत चर्चा की।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष सोडाला ने बताया कि आनंदपाल प्रकरण की समाज लंबे समय से सीबीआई जांच कराने, परिवार को सुरक्षा देने, मंजीतपाल सिंह व रूपेंद्रपाल उर्फ विक्की को समाज की मुख्य धारा में लाने, परिवार के सदस्यों पर किए गए झूठे मुकदमे वापस लेने, आनंदपाल की बेटी को दुबई से आने में मदद करने तथा आनंदपाल सिंह की श्रद्धांजली सभा के समय युवाओं पर हुए मुकदमे हटाने की मांग कर की जा रही है। सरकार ने अब तक सिर्फ आश्वासन दिया है। किसी भी मांग पर अब तक कोई कार्रवाई नही की गई है। जिससे सम्पूर्ण रावणा राजपूत समाज मे रोष व्याप्त है।
इसी कारण आनंदपाल सिंह की पत्नी राजकंवर ने न्यायालय की शरण लेकर याचिका लगाई है, जिस पर हाईकोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उन्होंने बताया कि सरकार की उपेक्षा से समाज और आनन्दपाल सिंह के परिवार में गहरी नाराजगी है।
इस मौके पर युवा प्रदेशाध्यक्ष पहाड़सिंह कुण्डल ने कहा कि जब तक समाज को न्याय नहीं मिलता है, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर डीडवाना अध्यक्ष महावीर सिंह छापरी, बाड़मेर जिलाध्यक्ष ईश्वरसिंह जसोल, बाड़मेर युवा जिलाध्यक्ष भाखर सिंह, मेजर दलपत शक्ति संगठन जिला अध्यक्ष स्वरूप सिंह पवार,गोपाल सिंह जोधा जयपुर , सिवाना तहसील युवा अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, भगवान सिंह गोयल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
आनन्दपाल की मां करेंगी यात्रा का शुभारम्भ
प्रदेशाध्यक्ष सोडाला ने बताया कि सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैये के चलते समाज ने अजमेर लोकसभा उपचुनाव के दौरान सर्व समाज की एक यात्रा निकालने का ऐलान किया है, जिसे आनन्दपाल सिंह की मां निर्मल कंवर झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। उन्होंने बताया कि सरकार का यदि इसी तरह ढुलमुल रवैया रहा और मांगो पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उपचुनाव में ही समाज सरकार का बहिष्कार करेगा और जो पार्टी समाज के साथ खड़ी होगी, उसे ही समर्थन दिया जाएगा।
... इधर पूर्व सीएम ने भी दिखाए तेवर
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ तथा केरल के वेंगाड़ा विधानसभा क्षेत्र से यूडीएफ उम्मीदवार की शानदार जीत को केन्द्र सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ आमजन का फैसला बताया है।
गहलोत ने एक बयान जारी कर कहा कि गुरदासपुर में कांग्रेस प्रत्याशी की करीब 2 लाख मतों से हुई जीत से केन्द्र की मोदी सरकार को सबक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस नतीजे से ये साफ हो गया है कि देश की जनता ने जिन झूठे वादों पर भरोसा किया था, वो अब समझ चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ये कांग्रेस पार्टी की नीतियों की जीत है। भाजपा सरकार की अब उलटी गिनती की शुरूआत हो गई है।
Published on:
16 Oct 2017, 10:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.