
जयपुर। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट की पहली शाम संगीत के नाम रही, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने डेलीगेट्स का दिल जीता। सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक सोनू निगम की लाइव परफॉर्मेंस ने देश विदेश से आए डेलीगेट्स के लिए इस आयोजन को एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के त्याग, पृथ्वी राज चौहान के शौर्य और भक्त शिरोमणि मीरा बाई की भक्ति को लघु फि़ल्म के लाइट एवं साउंड शो के माध्यम प्रदर्शित करते हुए याद किया गया।
कार्यक्रम में सोनू निगम ने अपने मशहूर गीतों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेरा रंग दे बसंती चोला, सरफरोशी की तमन्ना, मैं शायर तो नहीं, "क्या पता हम में है कहानी,या है कहानी में हम" जैसे गानों ने समां बांध दिया।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए 9 से 11 दिसंबर तक राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में हिस्सा लेने आए देशी-विदेशी मेहमानों को प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से रूबरू करवाने की कड़ी में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्य सभा सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित मंत्री परिषद् के सदस्य व देश-विदेश से आए डेलीगेट्स, उद्योगपति व निवेशक उपस्थित रहे।
Updated on:
10 Dec 2024 10:02 am
Published on:
10 Dec 2024 10:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
