
फाइल फोटो- पत्रिका
Monsoon 2025 in Rajasthan: राजस्थान में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से दिखना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में तीव्र आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार आज एक पश्चिमी विक्षोभ परिसंचरण तंत्र के रूप में उत्तरी पाकिस्तान व आस-पास के क्षेत्र के ऊपर वायुमंडल के मध्य स्तरों में अवस्थित है। हवाओं के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी की आपूर्ति भी हो रही है। विभाग के अनुसार 2 से 4 जून के मध्य बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, अंधड़ के साथ मध्यम और तेज बारिश दर्ज होने के आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
यह वीडियो भी देखें
इसके साथ ही 2 से 4 जून के बीच बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं वज्रपात और एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं मुख्य रूप से 3 जून को अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा और टोंक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आंधी और बारिश की गतिविधियों में 5 जून से गिरावट दर्ज होनी शुरू होगी। इस दौरान बीकानेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं कहीं मेघगर्जन-आंधी के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
बता दें कि राजस्थान में दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक में अभी वक्त है। मौसम विभाग ने इस बार प्रदेश में मानसून की एंट्री तय समय के आसपास या कुछ दिन पहले होने की संभावना जताई है। राजस्थान में मानसून 25 जून के आसपास दस्तक देता है। वहीं मानसून की एंट्री से पहले प्रदेश के दक्षिण पश्चिमी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्री मानसून गतिविधियां भी तेज हो चली हैं।
Updated on:
2 Jun 2025, 4:10 PM IST
Published on:
2 Jun 2025, 4:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.