
Jaipur CJP Attack : राजस्थान सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल। फाइल फोटो पत्रिका
Jaipur CJP Attack : जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र में रामपुरा-कंवरपुरा स्कूल में कॉकरोच जनता पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथी निरीक्षण करने पहुंचे थे। जहां ग्रामीणों ने उन्हें पहले जमकर पीटा फिर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। साथ ही टीम की मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी। इस मामले पर राजस्थान सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, उन्होंने इसके बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी और ना किसी को बताया था। मेरा व्यक्तिगत मानना यह है कि अगर आम नागरिक को निरीक्षण करना है, तो वो नियम और प्रक्रिया के तहत करे। अगर आम जनता ने वहां विरोध किया है तो इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। कानून अपना काम करेगा।
यूसीसी मुद्दे पर मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, समान नागरिक संहिता का बिल आज विधानसभा में पेश कर दिया गया है। (नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर लागू हुई) आचार संहिता समाप्त होने के बाद फिर से सदन आहूत किया जाएगा, उसमें जो यह बिल पेश किया गया है, उसपर चर्चा होगी और संभवतः नवंबर में यह विधानसभा में पारित हो जाएगा।
CJP कार्यकर्ताओं की ग्रामीणों द्वारा हुई पिटाई पर मंत्रियों के बयान-
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा, मुझे कुछ लोगों ने बताया है कि वहां के लोगों ने विद्यालय की सुरक्षा की है। विद्यालय में हमारे बच्चे पढ़ते हैं उन्हें अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। राजस्थान सरकार गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए प्रयास कर रही है। विद्यालय में जाकर व्यवधान पैदा करना ठीक नहीं है। गांव के लोगों ने अपने विद्यालय की सुरक्षा की है, मैं उनको बधाई देता हूं। हमने इतना कहा है कि हमारे विद्यालय सुरक्षित रहने चाहिए। निजता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। अगर किसी को विद्यालय जाना है तो संस्थान प्रधान से अनुमति लें।
राजस्थान के मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा, मेरा मानना यह है कि किसी भी गांव में किसी भी सरकारी प्रतिष्ठान का अगर कोई बाहर का व्यक्ति निरीक्षण करने जाता है, तो उसकी एक विधि बनी हुई है कि वहां के जो सरपंच हैं, गांव के जो प्रमुख लोग हैं, स्कूल के प्रधानाचार्य को संज्ञान में लाकर कोई भी अपनी गतिविधि को अंजाम देना चाहिए, लेकिन गांव के लोगों ने उनका विरोध किया है, तो निश्चित रूप से यह समझना पड़ेगा कि व्यवस्थाओं के सुधार का एक विषय हो सकता है तो उन विषयों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं, कलेक्टर तक पहुंचाएं, SDM, उस ग्राम पंचायत के सरपंच तक पहुंचाएं लेकिन उनको ऐसा नहीं करना है, उनको इसके माध्यम से राजनीति करनी है और जनता को भ्रमित करना है, तो जनता उनको जवाब दे रही है।
राजस्थान के जयपुर ज़िले के एक गांव में CJP की टीम पर हुए कथित हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए, BJP विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य कहते हैं, मुझे जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार ग्रामीणों ने उनका बहिष्कार किया है और उन्हें इलाके में घुसने से मना कर दिया है। इसलिए, यह मामला ग्रामीणों का है लेकिन मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि पहले की तुलना में स्कूलों की हालत में काफ़ी सुधार हुआ है।
Updated on:
21 Aug 2026 10:40 pm
Published on:
21 Aug 2026 10:37 pm
