
Jaipur Rain : जयपुर में हो रही झमाझम बारिश का दृश्य। फोटो पत्रिका
Weather Update : जयपुर में सोमवार शाम अचानक मौसम बदल गया। जयपुर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि गुलाबी नगर के कई इलाकों में छोटे-छोटे ओले गिरे। बारिश गिरने की रफ्तार इतनी तेज थी कि थोड़ी देर में चारों तरफ पानी भर गया है। बारिश को देखकर लोग भीगने से बचने के लिए स्थान तलाशने लगे। भारी बारिश से कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई थी। इसी बीच मौसम विभाग के आए नए तीन घंटे के अपडेट में भी जयपुर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के 5 बजे आए तीन घंटे के नए अपडेट में जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, करौली एवं सीकर जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही इस बीच तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना भी जताई गई। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया। तीन घंटे के अंदर बीकानेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, अजमेर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, राजसमंद एवं भीलवाड़ा जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। पश्चिम दिशा से आए तेज अंधड़ और धूलभरी आंधी से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई क्षेत्रों में आसमान में धूल के गुब्बार छा गए और दिन में अंधेरा छा गया। श्रीविजयनगर व रायसिंहनगर क्षेत्र में आंधी के साथ हल्की बारिश भी शुरू हो गई। तेज हवा के कारण कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मौसम में अचानक आए बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई। फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
रायसिंहनगर, लाधूवाला, अनूपगढ़, सिद्धूवाला, दस सरकारी क्षेत्र में तेज धूलभरी आंधी चली। जैतसर में आसमान में धूल के गुब्बार छा गए। घड़साना में अंधड़ के कारण दिन में अंधेरा छा गया। सूरतगढ़ में भी तेज अंधड़ आया। सिदुवाला क्षेत्र में तेज तूफान के साथ आसमान में बादल छा गए और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। श्रीविजयनगर में धूलभरी आंधी के बाद हल्की बारिश शुरू हो गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में प्रदेश के पूर्वी भाग के सीकर, झुंझुनू, जयपुर, कोटपुतली बहरोड़, खैरथल तिजारा, दौसा, टोंक, करौली, सवाईमाधोपुर, कोटा व पश्चिमी भाग के बीकानेर, चूरू व डीडवाना कुचामन जिलों में कही-कही हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा डूंगरगढ़ (बीकानेर) 62 MM दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस फलौदी व न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।
29 सितंबर से विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने तथा शेष अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है।
Updated on:
28 Sept 2026 06:29 pm
Published on:
28 Sept 2026 05:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
