हर दिन दौड़ती मेट्रो के साथ घाटे का भी भार तेजी से बढ़ रहा है। मेट्रो के संचालन में घाटे की रफ्तार उम्मीद से ज्यादा होने के कारण आने वाले दिनों में सरकार के लिए जयपुर मेट्रो सफेद हाथी बन सकती है। शहर में पिछले साल 3 जून को मेट्रो का संचालन शुरू किया गया था। जून से लेकर इस साल की जनवरी तक संचालन में 17.76 करोड़ रुपए का घाटा मेट्रो को हो चुका है। आठ महीने में मेट्रो को 10.54 करोड़ रुपए की आय हुई, जबकि व्यय 28.30 करोड़ का रहा।