28 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई बाइक, 2 युवकों की मौत

चारों युवक एक बाइक पर मजदूरी के लिए जा रहे थे। इस दौरान सर्विस रोड पर घूम रहे ट्रक को देखकर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई।
2 min read
Google source verification
PATRIKA PHOTO

PATRIKA PHOTO

जयपुर। दौलतपुरा इलाके में सोमवार सुबह खेरवाड़ी पुलिया पर ट्रक और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए। चारों युवक एक बाइक पर मजदूरी के लिए जा रहे थे। इस दौरान सर्विस रोड पर घूम रहे ट्रक को देखकर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शव कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं घायलों का एसएमएस अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

थानाधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ है। ट्रक दिल्ली रोड की तरफ से सीकर रोड पर टोडी की ओर जा रहा था। पुलिया पर पहुंचने के बाद चालक ट्रक को सर्विस रोड की तरफ मोड़ रहा था। इसी दौरान सर्विस रोड से चार युवक बाइक पर मजदूरी के लिए जा रहे थे।

ट्रक को घूमता देख बिगड़ा बाइक का संतुलन

पुलिस के अनुसार ट्रक को अचानक सर्विस रोड की तरफ घूमता देखकर बाइक सवार युवकों का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरदोई निवासी अवकेश दूधिया और प्रवीण रैदास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी विकास और शिवम जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों के शवों को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चारों तरफ खून फैल गया ।

परिजनों को दी सूचना, अस्पताल में मचा कोहराम

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अपनों की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे। वहीं हादसे की जांच जारी है।

आए दिन हो रहे दर्दनाक हादसे…

केस 1 - 19 मई 2026: दौलतपुरा पुल के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार महेश गुर्जर और कैलाश योगी की मौत हुई। तीसरा व्यक्ति मुकेश घायल हुआ।

केस 2 - 24 जुलाई 2026: ट्रक में घुसी टैक्सी, चालक की मौत

दौलतपुरा थाना क्षेत्र में सफेदा फार्म से रोड नंबर-14 मार्ग पर आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही टैक्सी कार उसमें जा घुसी। हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार महिला घायल हो गई।