Congress Declared Candidates on March : लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर इस बार कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की घोषणा जल्द करेगी। प्रदेश में अधिकांश लोकसभा सीटों पर मार्च के पहले सप्ताह में ही प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी इसके संकेत दे चुके हैं। हाल ही कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन के लिए दिल्ली में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में मंथन भी हो चुका है। अब सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (सीईसी) की बैठक में प्रत्याशी चयन पर मुहर लगेगी। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच सीईसी की बैठक हो सकती है और उसके बाद प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। दरअसल प्रत्याशियों की घोषणा के पीछे पार्टी की रणनीति यह भी है कि इससे प्रत्याशियों को चुनावी तैयारियां करने और प्रचार का पूरा समय मिल जाएगा। लोकसभा चुनाव में जिताऊ चेहरों के लिए कांग्रेस में पिछले डेढ़ माह से रायशुमारी का दौर चल रहा था।