जयपुर. राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर चले थे सियासी घटनाक्रम पर प्रदेश भाजपा के प्रभारी अरुण सिंह ने भी हमला बोला है। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा विधायक और मंत्रियों के सामूहिक इस्तीफे के बाद गहलोत सरकार को नैतिकता के आधार पर सरकार में रहने का हक नहीं है।अरुण सिंह ने आज भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जब मंत्रियों- विधायकों का सामूहिक इस्तीफा हो जाता है तो फिर सरकार का अस्तित्व नहीं रहता हैं। विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी को भी मंत्री और विधायकों के इस्तीफे स्वीकार करने चाहिए, अरुण सिंह ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि इस्तीफा देने के बाद आखिर किस अधिकार से मंत्री और विधायक सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। यह राजस्थान की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।