प्रदेश में इस बार मानसून की अच्छी बारिश से सर्दी के जल्द आगमन की उम्मीदें जगी लेकिन मानसून की विदाई के साथ ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाए। वहीं अब प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में सक्रिय हो रहे कम उंचाई वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में बादलवाही रहने और बौछारें गिरने पर आगामी दिनों में पारे में नरमी नजर आने वाली है। मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिनों तक बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, चित्तौडगढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, राजसमंद और उदयपुर जिले में तेज रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने और कुछ इलाकों में तेज बौछारें गिरने की संभावना जताई है। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में पिछले दिनों में दिन के तापमान में आंशिक गिरावट जरूर दर्ज हुई है लेकिन अब भी पारा सामान्य से अधिक रहने पर पश्चिमी क्षेत्र में गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। हालांकि पूर्वी भागों में अब दिन में पारा सामान्य के आस पास दर्ज होने लगा है।