
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। राज्य विधानसभा चुनावों को लेकर प्रदेश में राहुल गांधी के दौरे अगले माह से शुरू होंगे। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारी शुरू कर दी है। अभी भीषण गर्मी और बरसात के मौसम को देखते हुए अगस्त में गांधी का पहला राजस्थान दौरा होगा। इसी दौरे से गांधी प्रदेश में चुनावी जंग का एलान करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक हाल ही राहुल गांधी के निर्देश पर सभी जिलाध्यक्षों से प्रत्येक जिले के पदाधिकारी और चुनाव से संबंधित जानकारी मांगी गई है। इसमें जिला कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों की बैठक, क्या नए अभियान चलाए गए, कमेटी में शामिल पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र जारी करने के साथ ही जिले में मतदान केन्द्र और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की ओर से बीएलए की नियुक्ति को लेकर सूचनाएं मांगी गई हैं। जल्द ही गांधी प्रदेश के सभी 39 जिलाध्यक्षों के साथ बैठक ले सकते हैं।
इस बैठक में मिलने वाले फीडबैक और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट की ओर से प्रदेश में सभा व दौर कराए जाने को लेकर जगह का चयन किए जाने के बाद गांधी का कार्यक्रम तय होगा। राहुल गांधी पूर्व में हनुमानगढ़ जिले में दस किलोमीटर लम्बी किसानों के साथ पदयात्रा कर चुके हैं। अभी किसानों का मामला मुआवजे, समर्थन मूल्य पर उपज की खरीद और कर्ज माफी को लेकर गर्म है। ऐसे में गांधी का फिर सीमावर्ती जिले में दौरा शुरू हो सकता है।
राज्य में अगले माह से हो जाएंगी चुनावी गतिविधि और तेज
विधानसभा चुनाव को लेकर अगस्त से नंवबर तक चुनावी घमासान तेज रहेगा। राज्य में विधानसभा चुनाव नवंबर के अंतिम सप्ताह या फिर दिसंबर के पहले सप्ताह में हो सकते हैं। अगस्त-सितंबर से कांग्रेस-भाजपा के मुखिया चुनावी यात्रा शुरू करेंगे। इसको लेकर भी पार्टी स्तर पर तैयारी शुरू हो चुकी है। यात्राएं ज्यादातर विधानसभा क्षेत्रों को कवर करें। इसको लेकर भी तैयारी शुरू हो चुकी है। वैसे यात्रा में उन जिलों के विधानसभा क्षेत्रों पर फोकस रहेगा, जहां पार्टी की स्थिति मुकाबले में या फिर कमजोर है।
Published on:
09 Jul 2018 08:48 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
