राजस्थान विधानसभा चुनाव में भितरघात और असहयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं की शिकायत की है। जयपुर जिले की तकरीबन 10 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने भितरघात करने की लिखित शिकायत प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी से की है। साथ ही ऐसे लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई करने की भी मांग की है। हालांकि, अभी तक प्रत्याशियों की शिकायत पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है। दरअसल, जयपुर जिले की विद्याधर नगर, मालवीय नगर, सांगानेर, बगरू, झोटवाड़ा, हवामहल, चाकसू, विराट नगर, जमवारामगढ़ जैसी सीटों पर अपनों की भितरघात की शिकायतें कांग्रेस प्रत्याशियों की ओर से की गई हैं। इन सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था।