Good News : राजस्थान में सस्ती बिजली लाने के लिए राज्य सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। केन्द्र सरकार के सहयोग से राजस्थान में 2500 से 3000 मेगावाट क्षमता तक की सस्ती बिजली मिल सकेगी। इसके लिए राजस्थान में केन्द्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से सोलर पावर प्लांट लगाने की कवायद शुरू हो गई है। साथ ही कोल इंडिया कंपनी के जरिए अतिरिक्त कोयला भी मिलेगा, जिससे स्थानीय थर्मल पावर प्लांट की क्षमता के अनुसार बिजली उत्पादन बढ़ाया जा सकेगा। ऐसा होने पर एक्सचेंज से महंगी बिजली खरीदने की नौबत कम आएगी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सस्ती बिजली उत्पादन के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। पिछले दिनों दिल्ली में केन्द्रीय कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ हुई बैठक में भी सीएम ने अतिरिक्त कोयला आवंटन की जरूरत जताई थी।