
राजस्थान की नई विधानसभा में प्रमुख पदों के लिए मनोनयन का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अब भाजपा के वरिष्ठतम नेताओं में से एक विधायक कालीचरण सराफ को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। सराफ इस बार भी जयपुर की मालवीय नगर सीट से चुनाव जीतकर आए हैं। ख़ास बात ये है कि सराफ 7वीं बार विधायक बने हैं।
आज ही होगा शपथ ग्रहण
कालीचरण चरण सराफ आज ही जयपुर स्थित राजभवन में एक सादा समारोह में प्रोटेम स्पीकर पद पर शपथ ग्रहण करेंगे। शाम साढ़े 4 बजे रखे गए समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्र उन्हें पद और अगोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
तीन सदस्यों का पैनल
विधायक कालीचरण सराफ को प्रोटेम स्पीकर बनाये जाने के साथ ही तीन वरिष्ठतम विधायकों का एक पैनल भी गठित किया गया है। इसमें विधायक दयाराम परमार, डॉ किरोड़ी लाल मीणा और प्रताप सिंह सिंघवी के नाम शामिल हैं।
कौन होता है प्रोटेम स्पीकर?
सीधे और सरल शब्दों में कहा जाए, तो विधानसभा के स्पीकर पद पर जो व्यक्ति कुछ समय के लिए या अस्थायी रूप से कार्य करता है, वह प्रोटेम स्पीकर कहलाता है। प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति राज्यपाल करते हैं। आमतौर पर इस पद पर नियुक्ति तब तक के लिए की जाती है, जब तक कि विधानसभा या लोकसभा में स्थायी रूप से स्पीकर या अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता। ऐसे में प्रोटेम स्पीकर ही नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाता है। शपथ ग्रहण का पूरे कार्यक्रम का जिम्मा प्रोटेम स्पीकर को उठाना होता है।
राज्यपाल ऐसे करता है प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति
प्रोटेम स्पीकर के पद पर सदन के वरिष्ठ सदस्य को चुना जाता है। प्रोटेम स्पीकर उस शख्सियत को ही बनाया जाता है, जो कई बार विधानसभा चुनाव जीत चुका हो। भारत के संविधान के अनुच्छेद 180 के तहत राज्यपाल के पास सदन का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने की शक्ति होती है। जब सदन नए स्पीकर की चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाती है और सदन को नया स्पीकर मिल जाता है, उसके बाद यह पद स्वत: समाप्त माना जाता है। इसलिए प्रोटेम स्पीकर का पद अस्थायी होता है।
राजस्थान विधानसभा : अब तक के प्रोटेम स्पीकर
- महाराव संग्राम सिंह 24.03.1952 से 27.03.1952
- नारायण सिंह मसूदा 22.04.1957 से 23.04.1957
- नारायण सिंह मसूदा 7.03.1962 से 10.03.1962
- पूनम चंद विश्नोई 28.04.1967 से 02.05.1967
- यशवंत सिंह नाहर 17.03.1972 से 19.03.1972
- मेजर फ़तेह सिंह 13.07.1977 से 17.07.1977
- परस राम मदेरणा 03.07.1980 से 03.07.1980
- लक्ष्मण सिंह 11.03.1985 से 16.03.1985
- पूनम चंद विश्नोई 08.03.1990 से 12.03.1990
- पूनम चंद विश्नोई 22.12.1993, 05.04.1995, 18.07.1998
- भैरों सिंह शेखावत 14.12.1998 से 03.01.1999
- गंगाराम चौधरी 06.01.2004 से 14.01.2004
- देवी सिंह भाटी 24.12.2008 से 25.12.2008
- प्रद्युम्न सिंह 02.01.2014 से 20.01.2014
- गुलाब चंद कटारिया 08.01.2019 से 14.01.2019
Published on:
18 Dec 2023 01:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
