
Congress-BJP Demo Pic
राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के पहले चरण का बिगुल बजते ही प्रदेश के ग्रामीण इलाकों से लेकर जयपुर के सियासी गलियारों तक हलचल चरम पर पहुंच गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 दोपहर 3 बजे तक तय की गई है। नामांकन दाखिल करने के लिए महज दो दिन का समय शेष रहने के कारण भारतीय जनता पार्टी (BJP) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) दोनों ही प्रमुख दलों में उम्मीदवारों के चयन और पहली सूची जारी करने को लेकर मैराथन बैठकों का दौर जारी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण का चुनाव समय-सीमा के तहत तेजी से संपन्न कराया जा रहा है-
नामांकन की अंतिम तिथि: 13 अक्टूबर 2026 (दोपहर 3:00 बजे तक)
नामांकन पत्रों की जांच: 14 अक्टूबर 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 15 अक्टूबर 2026
चुनाव चिन्ह आवंटन: 15 अक्टूबर 2026 (नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही)
पहले चरण का मतदान: जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत चुनाव में बाजी मारने के लिए सांगठनिक स्तर पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने अलग-अलग जिलों और पंचायत समितियों के लिए वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों को प्रभारी बनाकर जमीनी कमान सौंपी है।
पहले चरण के 16 जिलों की जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर बीजेपी की कोर कमेटी की बैठकें अंतिम दौर में हैं।
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी स्थानीय स्तर पर जनपकड़ और सामाजिक समीकरणों में फिट बैठने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दे रही है। पार्टी आज (11 अक्टूबर 2026) देर शाम तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
विपक्षी दल कांग्रेस भी ग्रामीण निकायों पर फिर से अपना वर्चस्व कायम करने के लिए रणनीतिक कदम उठा रही है। पार्टी के जयपुर स्थित वॉर रूम में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य वरिष्ठ नेता लगातार जिला और ब्लॉक कमेटियों से आए पैनल के आधार पर मंथन कर रहे हैं।
कांग्रेस इस बार स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले 'जिताऊ' चेहरों पर दांव लगा रही है। नामांकन की समय-सीमा को देखते हुए कांग्रेस में ज्यादातर नामों पर सहमति बन चुकी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की पहली आधिकारिक सूची कल यानी 12 अक्टूबर 2026 को जारी कर सकती है।
Updated on:
11 Oct 2026 10:13 am
Published on:
11 Oct 2026 10:10 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
