जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान चुनाव 2018 में कांग्रेस ने तुरुप का पत्ता चल दिया है। कांग्रेस ने युवा-बुजुर्ग की जोड़ी को चुनाव की कमान सौंप दी है। Sachin Pilot और Ashok Gehlot दोनों ने बुधवार को चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया। दोनों को राहुल गांधी ने चुनाव में उतरने की मंजूरी दी है। हालांकि कांग्रेस नामांकन का तीसरा दिन भी गुजर जाने के बावजूद प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित नहीं कर सकी। कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पायलट और गहलोत ने हंसी के ठहाकों के बीच चुनाव लडऩे की घोषणा की। सूची घोषित हुए बिना चुनाव लडऩे की घोषणा और अन्य नेताओं के नामांकन दाखिल किए जाने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि कुछ लोग मुहूर्त में भरोसा करते हैं। इसलिए उन्होंने नामांकन भर दिया होगा। पायलट ने कहा कि राहुल के आदेश और गहलोत के निवेदन पर वे विधानसभा का चुनाव लड़ेगे।