16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Bomb Threat: जयपुर सहित 6 जिलों में कोर्ट-कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

राजस्थान में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजधानी जयपुर के सेशन कोर्ट सहित प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में कोर्ट-कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
2 min read
Google source verification

जयपुर। राजस्थान में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजधानी जयपुर के सेशन कोर्ट सहित प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में कोर्ट-कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। अज्ञात बदमाशों ने ई-मेल भेजकर जयपुर जिला एवं सत्र न्यायालय, बाड़मेर, कोटा, बारां, सीकर और डूंगरपुर कलेक्ट्रेट में ब्लास्ट करने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन हरकत में आ गया और सभी परिसरों को खाली करवाकर सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

वकीलों और पक्षकारों को सुरक्षित निकाला बाहर

जयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय में सुबह का कामकाज शुरू ही हुआ था कि बम ब्लास्ट की सूचना ने सबको चौंका दिया। प्रशासन ने बिना समय गंवाए वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों को तुरंत परिसर से बाहर जाने को कहा गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोर्ट में अफरातफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते कोर्ट के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

डॉग स्क्वायड और एटीएस का सर्च ऑपरेशन

धमकी मिलने के तुरंत बाद जयपुर पुलिस की भारी नफरी, एटीएस और बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। बेसमेंट से लेकर छत तक और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।

ई-मेल के जरिए दी गई चुनौती

सिर्फ राजधानी ही नहीं, बल्कि बाड़मेर, कोटा, बारां, सीकर और डूंगरपुर के जिला कलेक्टर कार्यालयों में भी इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। बारां और सीकर में जैसे ही ई-मेल की खबर फैली, वहां मौजूद कर्मचारी दफ्तरों से बाहर निकल आए। सभी जिलों में स्थानीय पुलिस और तकनीकी टीमें ई-मेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी हैं। प्राथमिक तौर पर इसे किसी शरारती तत्व की हरकत या दहशत फैलाने की साजिश माना जा रहा है।

साइबर सेल और तकनीकी टीमें सक्रिय, जांच जारी

पुलिस अब ई-मेल स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिससे ये धमकियां भेजी गई हैं। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर सेल इस मामले में तकनीकी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक ई-मेल में बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल, सभी प्रभावित जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सरकारी भवनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रहीं है।