
Rajasthan Weather Update : फाइल फोटो पत्रिका
Weather Update : राजस्थान में आगामी 24 घंटे में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 अक्टूबर को तेज मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बीकानेर संभाग में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर तक मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 15 अक्टूबर को जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना बलवती है।
पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और फलोदी सहित आस-पास के जिलों में 14 और 15 अक्टूबर को मौसम बदलने की संभावना है। वहीं जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के दौरान इसका असर रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से और पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पककर तैयार फसलों को खुले में छोड़ने से बचें। कृषि उपज मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखे अनाज और अन्य जिंसों को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम करें। ओलावृष्टि और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए फसलों और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
सीकर। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने चक्रवाती मौसम तंत्र के असर से अंचल में मौसम पूरी तरह बदल गया है। दो दिन से दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री तक ज्यादा दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ् सक्रिय होने से तीन दिन के दौरान तेज हवाओं संग हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। जिले में इस समय खरीफ फसलों की कटाई चल रही है। ऐसे में बार-बार मौसम बदलने के कारण रबी की अगेती बुवाई को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। सीकर में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा। नमी कम होने से दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 35.5 व न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री दर्ज किया गया।
Updated on:
13 Oct 2026 09:13 pm
Published on:
13 Oct 2026 09:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
