
Madan Dilawar Ashutosh Ranka (फोटो-पत्रिका और एएनआई)
Ashutosh Ranka Madan Dilawar : जयपुर। जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में स्कूल की जर्जर इमारत को लेकर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है। सीजेपी लगातार भाजपा पर कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप लगा रही है। इस बीच सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने रविवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर सीधा हमला बोलते हुए तीखा तंज कसा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर की गई अपनी पोस्ट में रांका ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था और मंत्री की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
आशुतोष रांका ने अपने ट्वीट में लिखा कि आग लगे बस्ती में, हम अपनी मस्ती में। उन्होंने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मदन दिलावर जी वैसे तो यह सभी को पता है कि आपको शिक्षा से कुछ लेना देना नहीं है। लेकिन जब पूरे देश की नजर राजस्थान पर है, तो कम से कम एक्टिंग ही कर लेते? रांका ने आगे आरोप लगाया कि प्रदेश में बच्चे भैंसों के तबेले में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं और शिक्षा मंत्री का ध्यान समस्याओं को हल करने के बजाय चुनावों में लगा हुआ है।
उधर, रामपुरा-कंवरपुरा के जर्जर भवन की जगह अब नया भवन बनाया जाएगा। 18 लाख रुपए से भवन निर्माण का काम एक सितंबर से शुरू होगा। स्वीकृत राशि में डीएमएफटी में 12 लाख और विधायक कोष से 6 लाख रुपए की राशि शामिल है। गौरतलब है कि दो दिन पहले इसी स्कूल के निरीक्षण के चलते कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मारपीट हुई थी। इसके बाद यह स्कूल सरकार और प्रशासन की निगाह में आया और नए भवन के लिए फाइल तेजी से दौड़ी।
सरकार द्वारा 18 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने के आदेश के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने इसे अपने 'स्कूल ठीक करो' अभियान की सीधी सफलता करार दिया है।
Updated on:
23 Aug 2026 11:14 am
Published on:
23 Aug 2026 11:14 am
