
sachin pilot
जयपुर। माण्डलगढ़ की विधायक कीर्ति कुमारी के स्वाइन फ्लू से मौत होने को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में जब एक विधायक को उचित चिकित्सा नहीं मिल सकें तो फिर आम जनता के हालात का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होना जरूरी है।
पायलट ने कीर्ति कुमारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों में उनका निधन हुआ है वह प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था की कमियों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कीर्ति कुमारी स्वाइन फ्लू से पीडि़त थी तथा माण्डलगढ़ व कोटा में उन्हें उचित इलाज नहीं मिल पाया। गंभीर अवस्था में प्रदेश के सबसे बड़े राजकीय अस्पताल सवाईमानसिंह हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन यहां भी जीवन रक्षक उपकरणों की कमी की वजह से निजी अस्पताल ले जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यदि सवाईमानसिंह चिकित्सालय में एक्मो मशीन होती तो कीर्ति कुमारी को बचाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश स्वाइन फ्लू की जान लेवा महामारी से ग्रसित है और अब तक 70 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 700 से भी ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं।
यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसके संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए जागरूकता अभियान नहीं चलाए जा रहे हैं और ना ही चिकित्सीय व्यवस्था इसकी रोकथाम के लिए पूरी तरह से सक्षम है। उधर, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने विधायक कीर्तिकुमारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
बता दें कि स्वाइन फ्लू से पीडि़त 50 वर्षीय कीर्ति कुमारी का सोमवार सुबह जयपुर के फोर्टिंस चिकित्सालय में उपचार के दौरान के निधन हो गया था। कीर्ति कुमारी की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री सहित सरकार के कई मंत्री, भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि भी पहुंचे थे।
Published on:
28 Aug 2017 08:52 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
