ईस्ट जिले की बात करें तो वाहन चोरी के मामले में जवाहर सर्किल थाना नम्बर वन पर है। इसके बाद मालवीय नगर, प्रतापनगर, बजाजनगर व जवाहर नगर का नम्बर आता है। पुलिस के अनुसार रामनगर सोड़ाला निवासी अली हसन पवांर सचिवालय में तैनात है। बाजार से वह अपने घर जा रहा था इसी दौरान वह जेएलएन मार्ग पर एमएनआईटी के सामने कुछ समय के लिए रूका था। रात करीब 9 बजे वहां पर किसी ने उसकी कार का शीशा खोलकर सीट पर रखा बैग पार कर लिया। इसकी शिकायत दर्ज करवाने पर रात करीब पौने दस बजे थाने पर पहुंचा था। थाने पर तैनात ड्यूटी ऑफिसर बाबू लाल उसे लेकर घटना स्थल पर चला गया। वापस लौटने के बाद जब पीडि़त ने अपनी अल्टो कार संभाली तो वह नहीं मिली। इस पर पीडि़त ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।