भवनेश गुप्ता / जयपुर . शहर में अग्निकांडों से आमजन परेशान है वहीं आग बुझाने वाली मशीनरी के जिम्मेदारों में अंधविश्वास की आग भड़क रही है। सत्तारूढ़ दल के कुछ पार्षदों का मानना है कि शहर में बढ़ रही आगजनी की घटनाओं का कारण महापौर की ओर से पिछले दिनों निगम मुख्यालय में कराया गया वास्तु परिवर्तन है। भाजपा पार्षद अनिल शर्मा ने महापौर को लिखे गए पत्र में ऐसी घटना और स्थितियों से निजात दिलाने के लिए जल्द से जल्द बेहतर प्रयास करने की जरूरत जताई। पत्र में कहा कि मुख्य इमारत के चारों ओर रोड का निर्माण, मुख्यालय भवन के प्रवेश व निकास की अलग-अलग व्यवस्था, महापौर कक्ष व इमारत में अन्य जगह वास्तु अनुरूप परिवर्तन किए गए। कई यंत्र भी लगाए गए। इसके बावजूद निगम की छवि निरंतर गिरती जा रही है।