
Vande Bharat train: जयपुर। राजधानी जयपुर से आगरा और जोधपुर का सफर ट्रेन से तय करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब वे भी देश की सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदेभारत में सफर का लुत्फ भी उठा सकेंगे और गंतव्य पर भी दूसरी ट्रेनों के मुकाबले जल्दी पहुंच सकेंगे।
दरअसल, वंदेभारत ट्रेनों में यात्रीभार में कमी के कारण रेलवे ने फेरे घटाकर एक ही ट्रेन को नए डेस्टिनेशन पर भी दौड़ाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में रेलवे अब जोधपुर से साबरमती के बीच दौड़ रही वंदेभारत का संचालन सप्ताह में छह दिन की बजाय तीन दिन ही करने का निर्णय लिया है।
इस ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन जोधपुर से वाया जयपुर होते हुए आगरा तक चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जयपुर से जोधपुर और जयपुर से आगरा के बीच वंदेभारत के संचालन की डिमांड थी। उसे ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया जा रहा है।
इससे पूर्व रेलवे ने उदयपुर से जयपुर के बीच दौड़ रही वंदेभारत के संचालन में भी बदलाव किया गया था। एक सितम्बर से यह ट्रेन भी तीन दिन उदयपुर से जयपुर और तीन दिन उदयपुर से आगरा के बीच संचालित हो रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही जोधपुर से वाया जयपुर होकर आगरा तक संचालित होने वाली वंदेभारत का परिचालन का समय, किराया और स्टेशनों का ठहराव तय हो जाएगा। सूत्रों की मानें तो दिवाली से पहले यह शुरू हो जाएगी।
Updated on:
28 Sept 2024 08:29 am
Published on:
28 Sept 2024 08:29 am
