
husband killed wife in jodhpur
फलोदी/जोधपुर. किसी का शौक आपको खटके तो आप क्या करेंगे... ज्यादा से ज्यादा उसे मना करेंगे या झगड़ा कर लेंगे। ज्यादा ही नागवार गुजरे तो कुछ पीट देंगे, लेकिन जोधपुर के फलोदी उपखंड में पत्नी का शौक उसके पति को इतना बुरा लगा कि उसने अपनी जीवसंगिनी को ही मार डाला। उपखंड के खारा गांव में पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा पत्नी की हत्या कर शव ढाणी के एक कमरे में रखने का मामला सामने आया है। वारदात के दूसरे दिन मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुची तथा एहतियात के तौर पर फलोदी, लोहावट, बाप व रामदेवरा से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाया गया। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर फलोदी मोर्चरी में रखवाया तथा मेडीकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। गौरतलब है कि इस मामले में पति, सास, देवर सहित 5 जनों के खिलाफ विवाहिता की हत्या करने का मामला दर्ज हुआ है तथा रिपोर्ट में मृतका के अपने पास मोबाइल रखने को लेकर विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल पति को हिरासत में ले लिया।
मोबाइल रखने को लेकर था विवाद
पुलिस निरीक्षक मदनसिंह चौहान के अनुसार दिनेश पुत्र भींयाराम विश्नोई निवासी दयासागर खारा तहसील फलोदी ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि मेरी बहन ऊषा की शादी करीब 12 साल पूर्व खारा रेलवे स्टेशन के पास निवासी कंवरलाल पुत्र अर्जुनराम विश्नोई के साथ हुई थी। उसके 2 पुत्रियां व 1 पुत्र है। मेरी बहन अपने पास मोबाइल रखती थी, जिससे ससुराल वालों को एतराज था। वे मोबाइल को लेकर ऊषा को परेशान करते थे। 26 फरवरी को शाम करीब 4 बजे मैं बाबूलाल के साथ ऊषा के घर गए तब वह रो रही थी। उसने बताया कि मोबाइल रखने के कारण पति कंवरलाल, काका ससुर का बेटा कैलाश पुत्र मानाराम, देवर सुभाष पुत्र अर्जुनराम, नणंद सुशीला, सास हाऊड़ी रंजिश रखते हैं तथा उसने अपनी जान को खतरा बताया। मैंने घर वापस आकर परिजनों को सूचना दी। रात में वापस ऊषा के ससुराल आया तो, वहां पति, काका ससुर का बेटा, देवर, नणंद, सास ऊषा को लाठियों व सरियों से मार रहे थे। इस दौरान मैने बीच-बचाव किया तो, मुझे भी जान से मारने की धमकी दी। मैं वापस घर आ गया और सुबह वापस जाने का निर्णय किया। आज सुबह ऊषा के ससुराल से फोन आया और सूचना मिली कि ऊषा की मौत हो गई है। मौके पर पंहुचे तो ऊषा का शव एक कमरे में पड़ा था तथा शरीर की गंभीर चोटों से निकला खून फर्श पर बिखरा पड़ा था। काफी लोग एकत्रित हो रखे थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हत्या हुई रात में, सूचना मिली दोपहर में
पुलिस के अनुसार ऊषा की हत्या रात में ही हो गई थी। मृतका के सिर व गर्दन पर गहरी चोट के निशान है। इस दौरान संभवतया पीहर पक्ष को सूचना नहीं मिली थी। अगले दिन पीहर पक्ष को वारदात की जानकारी मिली, तो दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुच गई और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया।
भागकर कमरे में छिप गया पति
पुलिस ने बताया कि सुबह पीहर पक्ष के लोग मौके पर पंहुचे, तो पति भागकर ढाणी के एक कमरे में जाकर छिप गया। इस दौरान पुलिस के मौके पर पंहुचते ही पति धरा गया। पुलिस ने बताया कि मौके पर ढाणी एक अलग कमरा व दो-तीन कमरे साथ में बने हुए है तथा हत्या के बाद फर्श से खून साफ कर शव को कमरे में रख दिया गया।
मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम
शव मोर्चरी में रखवाए जाने के बाद पीएचसी खारा के डॉ. पृथ्वीराज पालीवाल व पीएचसी ढढू के डॉ. राजेश कुमार के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान परिजन मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए। पुलिस कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
Published on:
28 Feb 2018 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
