17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पर्यटन स्थल भी है धार्मिक भी, फिर भी देखिए कैसी है सड़क

बांदीकुई के भांडेडा ग्राम पंचायत में कच्चे मार्ग पर चलना भी मुश्किल

2 min read
Google source verification
raod

पर्यटन स्थल भी है धार्मिक भी, फिर भी देखिए कैसी है सड़क

जयपुर

दौसा जिले के बांदीकुई शहर के समीपतर्वी ग्राम पंचायत भांडेडा के अटल सेवा केंद्र के समीप से गुजर रहे रास्ते में सड़क का अभाव है। ऐसे में यहां कच्चा रास्ता होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश में तो स्थिति और भी विकट हो जाती है। जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी अभी तक यहां सड़क नहीं बनी है। स्थानीय बाशिंदों ने बताया कि भांडेडा अटल सेवा केंद्र से लेकर भुखमारिया की बगीची होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तक सड़क का अभाव है। यहां सड़क बनाने की मांग वर्षों से चली आ रही है लेकिन सड़क नहीं बनी है। मार्ग कच्चा एवं बेहद कठिनाई वाला है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। आम रास्ते में बारिश का पानी भर जाता है। इससे कीचड़ हो जाता है। कीचड़ के कारण आवागमन बाधित हो जाता है। यहां भुखमारिया की बगीची में मंदिर भी बना हुआ है। जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं का पूजा-अर्चना के लिए आना-जाना लगा रहता है। श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच होकर निकलना पड़ता है।

क्षेत्रीय विधायक से लगा चुके हैं गुहार

स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि यदि यहां सड़क बन जाए तो उन्हें आवागमन में परेशानी नहीं होगी। कई बार तो दुपहिया वाहन चालक कीचड़ में फिसल कर गिर चुके हैं। क्षेत्रीय विधायक अलका सिंह से सड़क निर्माण के लिए कई दफा गुहार लगा चुके हैं।

पर्यटन स्थल आभानेरी का रास्ता भी यही

शहर के भांडेडा रोड स्थित गणेश मंदिर एवं परशुराम जनोपयोगी भवन के पास सड़क निर्माण तो हो रहा है। लेकिन नालियों की समुचित सफाई के अभाव में गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। लेकिन इस ओर नगर पालिका प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। नालियों की समुचित सफाई नहीं हो पा रही है। इससे नालियों में गंदगी जमा हो रही है तथा नालियां अवरुद्ध होने से जमा गंदा पानी, पॉलीथिन, कूड़ा कचरा आदि सड़क पर फैल रहा है। इससे आवागमन में परेशानी होती है। मार्ग से ही प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के रूप में विकसित आभानेरी चांद बावड़ी का भी रास्ता है।