weather update : राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार कल यानि 26 फरवरी से एक बार फिर प्रदेश का मौसम बदलेगा। मौसम केंद्र के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 और 27 फरवरी को राजस्थान के कुछ जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसी प्रकार एक दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 1 और 2 मार्च से सक्रिय होगा। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मार्च के प्रथम सप्ताह में राज्य के कुछ भागों में मेघगर्जन, कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।
राजस्थान में शनिवार को दिन का अधिकतम बाड़मेर में तापमान 30.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर की बात करें तो दिन का तापमान 25.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।