
दीपावली से पूर्व ही पर्यटकों की आवक शुरू
पोकरण. दो वर्षों से मंदी की मार झेल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर बैठे होटल संचालकों व अन्य व्यापारियों को पर्यटकों की आवक से कुछ राहत मिली है। गत 10 दिनोंं से देसी पर्यटकों की आवक लगातार जारी है। जिससे कस्बे के मुख्य मार्गों पर चहल पहल के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग की होटलों पर भीड़ देखी जा रही है। गौरतलब है कि मार्च 2020 में कोरोना की आवक के साथ देशभर में लॉकडाउन लगा दिए जाने के कारण पर्यटकों की आवक पूरी तरह से बंद हो गई थी। ऐसे में पर्यटन सीजन पूरी तरह से पिट चुकी थी तथा पर्यटन उद्योग को बहुत बड़ा झटका लगा था। वर्ष 2021 में भी कोरोना के कारण पर्यटकों की आवक नहीं हुई। वैक्सीनेशन व सरकार की छूट के बाद अब धीरे-धीरे पर्यटकों की आवक बढऩे लगी है। अक्टूबर माह की शुरुआत के साथ पर्यटकों की आवक शुरू हुई, जो लगातार जारी है। प्रतिदिन पर्यटकों के दर्जनों वाहन जैसलमेर की तरफ जा रहे है, जो पोकरण में ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने के साथ दोपहर का खाना होटलों पर ले रहे है। जिससे यहां भीड़ नजर आ रही है।
दीपावली से पूर्व हो रही आवक
प्रतिवर्ष दीपावली के त्यौहार के बाद गुजरात व पश्चिमी बंगाल से हजारों देसी पर्यटक यहां पहुंचते है। ये पर्यटक रामदेवरा व पोकरण में भ्रमण के बाद जैसलमेर जाते है। जिससे पर्यटन सीजन परवान पर रहती है। गत वर्ष कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण पर्यटकों की आवक ज्यादा नहीं हुई। जबकि इस वर्ष दीपावली के त्यौहार से पूर्व ही पर्यटक यहां पहुंचने लगे है।
फोर्ट का कर रहे भ्रमण
इन दिनों गुजरात, महाराष्ट्र, कोलकात्ता, मध्यप्रदेश, दिल्ली, पंजाब आदि राज्यों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे है। इसके अलावा प्रदेश के भी विभिन्न जिलों से पर्यटकों की आवक से चहल पहल नजर आ रही है। यहां आने वाले पर्यटक रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के बाद पोकरण पहुंचते है तथा फोर्ट का भ्रमण कर रहे है। जिससे फोर्ट रोड व कस्बे के मुख्य मार्गों पर रेलमपेल दिख रही है।
Updated on:
19 Oct 2021 07:00 am
Published on:
19 Oct 2021 07:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
