
अपनी मांगों को पीएम तक पहुंचाने की कोशिश में जुटे लिपिक कर्मचारी, करने जा रहे ये काम
जांजगीर-चाम्पा. कल 22 सितंबर को प्रधानमंत्री के जांजगीर प्रवास के दौरान विगत सात सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल के साथ-साथ श्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं लेकिन शासन की ओर से अभी तक किसी भी प्रकार के मांग पूर्ण संबंधी आश्वासन या वार्ता के लिए आमंत्रण नहीं दिया गया है तथा सरकार के असंवेदनशीलता के कारण आम जनों को कार्यालयों में आवश्यक कार्यों को भी पूरा करने में कठिनाई हो रही है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए संभाग के लिपिक कर्मचारी कचहरी चौक जांजगीर में मानव श्रृंखला बना कर प्रधानमंत्री तक अपनी मांगों को पहुचाने की कोशिश करेंगे।
संघ के जिला सचिव उज्ज्वल तिवारी ने बताया कि लिपिक अपने दो सूत्रीय मांगों को लेकर सात सिंतबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल के साथ-साथ श्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं लेकिन सरकार के द्वारा कोई पहल नहीं किए जाने के कारण पूरे बिलासपुर संभाग के लिपिक कर्मचारी कचहरी चौक, जांजगीर में एकत्रित होकर मानव श्रृंखला बनाकर प्रधानमंत्री के जांजगीर आगमन पर उन तक अपनी मांगों को पहुंचाने की कोशिश करेंगे जिसमे प्रांतीय महामंत्री रोहित तिवारी, संभागीय संरक्षक सिद्धार्थ वर्मा जी शामिल होंगे ।
श्री तिवारी ने बताया कि आज क्रमिक भूख हड़ताल में बैठने वालों में तुलसी शर्मा, बी रक्षित, सुरेंद्र बारगाह, टीका राम केवट, पवन साहू, कुलदीप शांडिल्य, आशुतोष, मनोज राज, रमेश उएके जीआरपी गढेवाल, आरपी उपाध्याय, एसपी शुक्ला, बृजेन्द्र कौशिक, चतुर सिंह सिदार बैठे थे।
बता दें देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की सभा 22 सितंबर को जांजगीर के पुलिस ग्राउंड में होनी है। इसे लेकर जोर-शोर से तैयारी की जा रही है, तैयारी अंतिम चरण पर है। इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए चाक चौबंद व्यवस्था कर ली है। जिले के अलावा प्रदेश के 27 जिले की पुलिस टीम मौके पर डटी हुई है।
आईजी, डीआईजी, डीएसपी सहित सैकड़ों की तादात में इंस्पेटर समेत प्रदेश भर के पुलिस अफसर पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था के मानकों का पालन करने पंडाल में नजर गड़ाए हुए हैं। इसके अलावा शहर के चप्पे-चप्पे में पुलिस शुक्रवार की सुबह से ही तैनात कर दी गई है। लिपिक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले कई समय से भूख हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। लिपिक कर्मी मानव श्रृंखला बनाकर नरेंद्र मोदी तक अपनी व्यथा पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
Updated on:
21 Sept 2018 05:59 pm
Published on:
21 Sept 2018 05:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
