
झालावाड़ । राजस्थान में एक बार मानसूनी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। इस बीच जयपुर मौसम केंद्र ने सोमवार और मंगलवार को धौलपुर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। परिसंचरण तंत्र के असर से पिछले 24 घंटे में धौलपुर जिले समेत आस पास के इलाकों में भारी बारिश का दौर सक्रिय रहा। पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी इलाकों में अगले दो तीन दिन और मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने की संभावना है। जबकि कई इलाकों में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश होने की उम्मीदें अधूरी रही हैं।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने आगामी तीन घंटों के भीतर नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, बारां, झुंझुनू, टोंक, कोटा, बूंदी, जयपुर, दौसा, बारां, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर और अलवर में हल्की बारिश हो सकती है। बता दें कि धौलपुर में 230 मिमी बारिश हुई। इसके चलते रेल ट्रैक धंसने से दिल्ली-मुंबई रूट की ट्रेनें साढ़े पांच घंटे तक अटकीं रहीं। धौलपुर शहर समेत आसपास के क्षेत्र में शनिवार तड़के से रुक-रुक लगातार बारिश से आम जनजीवन ठप हो गया। बरसात का दौर रविवार को भी शाम तक जारी रहा।
वहीं झालावाड़ जिले में रविवार को कई जगह अच्छी बारिश हुई। वहीं शहर में तीन बजे बाद करीब आधा घंटा बारिश हुई। जिले में हो रही बारिश से फसलों में रौनक लौट आई।जिले में रविवार को सबसे ज्यादा बारिश असनावर में आठ घंटे में 75 एमएम यानी करीब 3 इंच बारिश हुई। वहीं झालावाड़ में 5, अकलेरा में 14 झालरापाटन में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले में तीन दिन हो से हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं लगातार हो रही बारिश से फसलों पर चमक लौट आई। रविवार को मूलसलादार बारिश असनावर में होने से नालों व सड़क पर पानी नहीं समाया। वहीं खाल आदि में पानी आ गया। जिले मेें अभी तक औसत बारिश 594.48 एमएम हुई। शहर में बारिश के दौरान बिजली गुल रही, शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक कई क्षेत्रों में अंधेरा रहा। वहीं मुडेंरी आदि में लाइट फाल्ट होने से ग्रामीण अंधेरे में रहे।
Published on:
11 Sep 2023, 4:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.