पिलानी. International Art Competitions: 66 देशों के 1200 से अधिक विद्यार्थियों के बीच हुई अंतरराष्ट्रीय कला प्रतियोगिता में पिलानी की छात्रा रिद्धम अग्रवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त कर ना केवल क्षेत्र, स्कूल, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। संस्था प्रधान डॉ. एम. कस्तूरी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खालिद बिन सुल्तान लिविंग ओसेंस फाउंडेशन द्वारा साइंस विदाउट बॉर्डर्स चैलेंज अंतरराष्ट्रीय कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता का विषय द सिक्स्थ एक्सटिंक्शन था और इसका उद्देश्य समुद्री जैव विविधता और संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करना था। जिसमें बिरला बालिका विद्यापीठ की कक्षा 10 की छात्रा रिद्धम अग्रवाल के अलावा 66 देशों के 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपनी अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत की थी।