Agniveer petition: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने अग्निवीरों के चयन के लिए परीक्षा के अंकों और मानदंडों का खुलासा करने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार और सेना को नोटिस जारी किया है। यहां पिछले साल हुई अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए नौ याचिकाकर्ता 15 से 25 सितंबर के बीच हुई शारीरिक प्रवीणता परीक्षा और 13 नवंबर को हुई लिखित परीक्षा में असफल रहे थे। याचिका में ‘कट-ऑफ’ अंक, चयन प्रक्रिया के मानदंड, लिखित व शारीरिक प्रवीणता परीक्षा के अंक तथा इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) और अग्निवीर (ट्रेड्समैन) के रूप में चयनित सभी उम्मीदवारों के नामों का खुलासा करने का अनुरोध किया गया है। इसके परिणाम 26 नवंबर को घोषित किये गये थे। याचिका में प्रतिवादी रक्षा सचिव के माध्यम से केंद्र सरकार और जबलपुर स्थित भारतीय सेना के भर्ती अधिकारियों को जवाब देना है। याचिका में आरोप लगाया गया है की चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है।